हम पर दोष लगाओगे तो… डोनाल्ड ट्रंप के गद्दी संभालने से पहले चीन ने क्यों दी ट्रेड वॉर की धमकी

डोनाल्ड ट्रंप ने अभी अमेरिकी राष्ट्रपति का पद भी नहीं संभाला, चीन के साथ उनके रिश्ते फिर से बिगड़ने शुरू हो गए। ट्रंप ने कहा है कि वो राष्ट्रपति बनने के बाद चीन के सामानों पर 10 प्रतिशत का टैरिफ लगाएंगे, ताकि बीजिंग नशीले पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले चीनी निर्मित रसायनों की तस्करी रोकने के लिए अधिक कदम उठाए। इससे पहले चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप ने कहा था कि वे चीनी सामानों पर 60 फीसदी से ज्यादा टैरिफ लगाएंगे। ट्रंप की इस घोषणा पर चीन बुरी तरह भड़क गया है। उसने कहा कि अमेरिका अपनी समस्याओं के लिए चीन पर दोष मढ रहा है, इससे उसकी खुद की समस्याएं हल नहीं होंगी।

चीन ने तीन दिन के भीतर दूसरी बार ट्रंप को ट्रेड वॉर की धमकी दी है। 26 नवंबर को चीन ने एक बयान में कहा कि ट्रंप का यह कदम दोनों देशों के लिए ठीक नहीं है। चीन और अमेरिकी दोनों दुनिया की सबसे शक्तिशाली अर्थव्यवस्थाएं हैं। इस तरह के कदमों से दोनों में से कोई भी नहीं जीत पाएगा। अब गुरुवार को चीन ने एक बार फिर ट्रंप को निशाने पर लिया है। चीन में वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता हे यादोंग ने ब्रीफिंग में कहा, “एकतरफा टैरिफ वृद्धि के खिलाफ चीन की स्थिति सुसंगत है। व्यापारिक साझेदारों पर मनमाने टैरिफ लगाने से अमेरिका की अपनी समस्याएं हल नहीं होंगी।”

ट्रेड वॉर की धमकी

ट्रंप आगामी 20 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति पद संभालेंगे। इससे पहले उन्होंने चीन से कड़वे रिश्तों की शुरुआत कर दी है। अपने पिछले कार्यकाल में भी ट्रंप के चीन से रिश्ते अच्छे नहीं थे। कोरोना वायरल को लेकर ट्रंप ने चीन की कड़ी आलोचना की थी और कोरोना वायरस को चीनी वायर कहा था। अब ट्रंप ने चीनी सामानों पर 10% टैरिफ लगाने का फैसला लिया है। ट्रंप का तर्क है कि वह यह इसलिए उठा रहे हैं ताकि बीजिंग नशीले पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले चीनी रसायनों की तस्करी को रोकने के लिए और अधिक कदम उठाए। हालांकि इस मामले में चीन का कहना है कि जो बाइडेन संग अपने अच्छे रिश्तों के लिए चीन काफी समय से ड्रग्स को लेकर कठोर कदम उठा रहा है। चीनी दूतावास के प्रवक्ता लिउ पेंग्यू ने इस तरह के कदमों पर ट्रेड वॉर की आशंका जताई है।

चीनी मीडिया ने भी कहा है कि ट्रंप के संभावित कदमों से दुनिया की दो शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं के बीच ट्रेड वॉर शुरू हो सकता है। इससे न सिर्फ हम दोनों देश बल्कि दुनिया भर पर असर पड़ेगा। चीन ने ट्रंप को अपने फैसलों पर पुर्निविचार करने की सलाह दी है। अमेरिका में वाणिज्य विभाग के लिए ट्रंप की पहली पसंद हॉवर्ड लुटनिक ने अक्टूबर में एक पॉडकास्ट साक्षात्कार में कहा था कि “चीन अमेरिका पर फेंटेनाइल से हमला कर रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रम्प चीन पर 200% तक टैरिफ लगा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *