मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसके साथ ही इस पर बवाल भी उठ खड़ा हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि अस्पताल के बाहर एक बुजुर्ग लोगों को खाना बांट रहे हैं और कतार में लगकर लोग वहां से खाना ले रहे हैं। लेकिन कथित तौर पर दावा किया जा रहा है कि इस बुजुर्ग ने खाना लेने आई एक मुस्लिम महिला को जय श्री राम का नारा लगाने को बाध्य किया और कहा कि जब तक नारा नहीं लगाओगे, खाना नहीं देंगे। इससे वह महिला चिढ़ जाती है। जिस समय ये वाकया हो रहा था, उसी समय वहां मौजूद एक शख्स इसका वीडियो बनाने लगा। हालांक, हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
कथित वीडियो में दावा किया गया है कि बुजुर्ग ने उस महिला से बदतमीजी की है। इस मामले को लेकर एक खास समुदाय में भारी रोष देखा जा रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को यह भी कहते देखा जा सकता है कि अगर खाना नहीं देना है तो मत दें लेकिन इस तरह जोर जबर्दस्ती से नारा नहीं लगवा सकते। वीडियो बनाने वाला वहां खड़े लोगों से पूछ रहा है कि क्या आपने जय श्री राम का नारा लगाया है। इस पर कई लोग कहते हैं कि इसमें बुराई क्या है और हमने ऐसा किया है।
इसी बीच, एक शख्स को यह कहते हुए देखा जा सकता है कि जब हॉस्पिटल वाले किसी तरह का भेदभाव नहीं करते हैं तो खाना देने वाले ऐसा क्यों कर रहे। आप लोग खाना बांटने आए हैं, खाना बांटकर जाओ। तभी बुजुर्ग को फिर से यह कहते हुए देखा जा सकता है कि जय श्रीराम बोलेगा तो खाना मिलेगा, ज्यादा बकवास नहीं करने का। वीडियो बनाने वाला शख्स उस बुजुर्ग को उकसाने की कोशिश करता है लेकिन बुजुर्ग शख्स चुपचाप खाना बांटने लगते हैं और वहां खड़े लोगों को पूरी सब्जी बांटते दिख रहे हैं।
जिस समय लोग वहां शोर मचा रहे होते हैं, उसी समय वहां एक महिला जिसने अपना मुंह ढका हुआ है, बताती है कि वो खाना लेने आई थी लेकिन खाना बांट रहे शख्स ने उससे जय श्रीराम का नारा लगाने को कहा। और जब उसने ऐसा नहीं किया तो उसे खाना देने से मना कर दिया। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि बुजुर्ग ने पीड़ित महिला को आतंकवादी कहा। बुजुर्ग शख्स ने साफ तौर पर कहा कि उन्होंने सिर्फ भगवान श्रीराम का नारा लगाने को कहा किसी को आतंकवादी नहीं कहा। उन्होंने कहा मुझे पता है कि आतंकवादी क्या होता है। बुजुर्ग ने कहा कि यह प्रभु श्रीराम की भूमि है और जयश्री राम कहने में गलत क्या है। वीडियो में शख्स की नारे लगाने वाली बात को कुछ लोग सही तो कुछ इसे गलत बता रहे हैं। फिलहाल इस वीडियो के वायरल होने के बाद भोईवाड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरी तरफ, राज्यसभा सांसद और कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी भी इस विवाद में कूद पड़े हैं। उन्होंने इस मामले में सोशल मीडियाप्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हमारे पैग़म्बर हजरत मुहम्मद साहब ने कहा था कि यदि आपका पड़ोसी भूखा है तो आप पर ख़ाना हराम है। वो पड़ोसी चाहे कोई भी हो, किसी भी धर्म का हो। ये कौन लोग हैं जो नफ़रत में डूबे हैं और किसी भूखे को खाना खिलाने के नाम पर धार्मिक नारे लगवाना चाहते हैं, क्या एैसे कामों से इन्हें पुण्य मिलेगा। समाज को एैसी मानसिकता का सार्वजनिक बहिष्कार करना चाहिेए।”