बिहार के आरा में शराब पार्टी के दौरान एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की. मृतक के परिजनों ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया.
मृतक के बेटे गोलू कुमार ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे गांव के विकास कुमार, तुफानी कुमार और चंदन नाम के व्यक्ति ने उसके पिता को फोन कर घर में शराब पार्टी के लिए बुलाया. सुबह गांव के लोगों ने बगीचे में खून से लथपथ उनका जमीन पर पड़ा देखा. मृतक श्याम बाबु प्रसाद (45) गांव में ही भुंजा बेचने की दुकान चलाकर अपना परिवार पाल रहे थे. घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सहायक पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे मुफ्फसिल थाना प्रभारी को फोन से जानकारी मिली कि श्याम बाबू प्रसाद की हत्या कर दी गई. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और डीआईयू टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया. शुरुआती जांच से पता चला है कि गोली मारकर हत्या को अंजाम दिया गया है.
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने एक टीम का गठन किया है और उनकी तलाश में जुटी है. पुलिस का कहना है कि जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.