बिहार में नेताओं की ‘बल्ले-बल्ले’, वेतन-भत्ते बढ़े; युवाओं को भी सौगात, 27 हजार से अधिक नौकरियां

बिहार में राज्य मंत्रियों और उप मंत्रियों के वेतन और भत्तों में भारी वृद्धि की गई है। इसके साथ ही नीतीश कैबिनेट की बैठक में 27330 पदों पर होगी बहाली करने का भी निर्णय लिया गया है।

बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों को एक बड़ा तोहफा दिया है। हाल ही में हुई नीतीश कैबिनेट की बैठक में राज्य के मंत्रियों के वेतन और भत्तों में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।

इसके साथ ही, कैबिनेट ने युवाओं के लिए भी एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बैठक में विभिन्न विभागों में कुल 27,330 पदों पर भर्ती करने का फैसला किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इनमें से 20,000 से अधिक भर्तियां अकेले बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग में की जाएंगी। कैबिनेट सचिवालय विभाग ने इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं।

मंत्रियों की इतनी बढ़ी सैलरी

राज्य मंत्रियों और उप मंत्रियों के वेतन और भत्तों में भारी वृद्धि की गई है। राज्य मंत्रियों का मासिक वेतन 50,000 रुपये से बढ़कर 65,000 रुपये हो गया है। क्षेत्रीय भत्ता भी 55,000 रुपये से बढ़कर 70,000 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा दैनिक भत्ता 3000 से बढ़कर 3500, आतिथ्य भत्ता 24000 से बढ़कर 29500 और यात्रा भत्ता 15 रुपये प्रति किमी से बढ़कर 25 किमी हो गया है।

कुल 27 एजेंडों पर लगी मुहर

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में विभिन्न विभागों के मंत्रियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक के दौरान, सरकार ने विभिन्न मंत्रालयों से संबंधित कुल 27 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की है।

इन स्वीकृत प्रस्तावों में कृषि विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वित्त विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग और उद्योग विभाग से जुड़े 27 अहम निर्णय शामिल हैं, जिन पर कैबिनेट ने अपनी मुहर लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *