यूपी के कानपुर में एक दलित छात्र को धार्मिक नारे न लगाने को लेकर पिटाई कर दी गई। ये मामला सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र का है। यहां स्थित एक इंटर कॉलेज के बाहर शुक्रवार दोपहर धार्मिक नारे न लगाने पर एक हाईस्कूल के दलित छात्र को आधा दर्जन छात्रों ने पीट दिया और जबरन नारे लगवाए। नारा लगाते हुए छात्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित छात्र ने परिजनों के साथ थाने पहुंच शिकायत की। हालांकि अपना लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मामले में पीड़ित छात्र की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद समेत छह अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।
सेन पश्चिम पारा क्षेत्र स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाले दसवीं के छात्र के मुताबिक, वह और उसका परिवार बौद्ध धर्म मानते हैं। जिसको लेकर वह बड़े भाई के मोबाइल से भीमराव अंबेडकर व अन्य अनुयायियों के पोस्ट सोशल मीडिया पर डालता रहता है। स्कूल के कुछ छात्र इसका विरोध करते थे। शुक्रवार दोपहर स्कूल के बाहर छुट्टी के बाद बारहवीं व दसवीं के छात्रों ने उसे रोक लिया और धार्मिक नारे लगाने के लिए दबाव बनाने लगे। विरोध किया तो सभी ने मिलकर मारपीट की और धार्मिक नारा लगवाया। जिसका छात्रों ने वीडियो बनाया और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वायरल कर दिया। रविवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद छात्र परिजनों संग सेन पश्चिम पारा थाने पहुंचा और पुलिस से शिकायत की। एसीपी घाटमपुर रंजीत सिंह ने बताया कि मामले में स्कूल के चार नामजद व छह अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
वीडियो वायरल के बाद आरोपित छात्रों से पुलिस ने पूछताछ की तो बताया कि छात्र कई दिनों से सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी कर रहा था। सनातन विरोधी पोस्ट संग हिंदू देवी देवताओं के खिलाफ टिप्पणी करता है। जिसके बाद उससे ऐसे पोस्ट न डालने के लिए कहा गया था। मारपीट की बात गलत है।