महाराष्ट्र में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर महिला 91 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गई है।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले की 40 वर्षीय एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर कथित तौर पर 91.05 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस सिलसिले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मनपाडा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ लोगों ने डोंबिवली के शंखेश्वर नगर की रहने वाली महिला से दो जुलाई से छह अगस्त के बीच संपर्क किया और उसे शेयर बाजार में निवेश पर अच्छा लाभ मिलने का लालच दिया। उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्होंने महिला को सोशल मीडिया पर अलग अलग ग्रुप में जोड़ा। महिला ने इस दौरान 91,05,000 रुपये का निवेश किया।

हालांकि महिला को वादे के मुताबिक लाभ नहीं मिला। इसके बाद उसने उन लोगों से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। महिला ने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *