इंडिया वर्सेस बांग्लादेश चेन्नई टेस्ट का तीसरा दिन अभी तक भारत के नाम रहा है। शुभमन गिल और ऋषभ पंत की जोड़ी ने पहले सेशन में बिना कोई विकेट खोए 124 रन जोड़े। पंत ने इस दौरान टेस्ट क्रिकेट में वापसी करते हुए शानदार शतक जड़ा। वह 109 रन बनाकर आउट हुए। वहीं शुभमन गिल अभी भी क्रीज पर डटे हुए हैं। वह भी शतक के करीब हैं। गिल का साथ देने अब केएल राहुल आए हैं। टीम इंडिया की नजरें तीसरे दिन मेहमानों को 500 से अधिक रन का टारगेट देने पर होगी। बता दें, टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में रविचंद्रन अश्विन के शतक और रविंद्र जडेजा व यशस्वी जायसवाल की फिफ्टी के दम पर 376 रन बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में बांग्लादेश पहली पारी में 149 रनों पर ही सिमट गया। भारत को पहली पारी के बाद 227 रनों की बढ़त मिली थी।