280 किमी प्रति घंटा रफ्तार से दौड़ेंगी भारतीय ट्रेनें, वंदे भारत के बाद रेलवे देगा नया गिफ्ट

वंदे भारत की रफ्तार का मजा ले रहे भारतीयों को जल्द ही तेज रफ्तार ट्रेनों की सौगात मिलने वाली है। हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसके संकेत दिए हैं। कहा जा रहा है कि इन नई ट्रेनों में ऑटोमैटिक दरवाजों समेत कई आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। खबर है कि इन नई ट्रेनों की रफ्तार 250 किमी प्रतिघंटा से भी ज्यादा की होगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चेन्नई में ICF यानी इंटीग्रल कोच फैक्ट्री BEML के साथ मिलकर हाईस्पीड ट्रेन बना रही है। ये खास ट्रेनें 280 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार हासिल कर सकेंगी। रेल मंत्री ने लोकसभा में बुधवार को बताया कि मेक इन इंडिया के तहत वंदे भारत आने के बाद रेलवे इस नए प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। वंदे भारत की स्पीड 160 किमी प्रतिघंटा है।

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के साथ सुधीर गुप्ता और अनंत नायक की तरफ से सवाल पूछा गया था। इसपर वैष्णव ने जवाब दिया, ‘निर्माण की लागत करीब 28 करोड़ रुपये प्रति कार आएगी। इसमें कर शामिल नहीं हैं…।’

रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेयर कार ट्रेन सेट्स में आधुनिक सुविधाएं होंगी। इनमें एयरोडायनेमिक एक्सटीरियर्स, सील्ड गैंगवेज, ऑटोमैटिक दरवाजे, क्लाइमेट कंट्रोल, सीसीटीवी के जरिए निगरानी, मोबाइल के चार्जिंग पॉइंट, बेहतर लाइट और फायर सेफ्टी सिस्टम शामिल होंगे। इसके अलावा वैष्णव ने एयर टाइट कार बॉडीज, हाई स्पीड प्रोपल्शन के साथ इलेक्ट्रिकल सिस्टम, एडवांस HVAC सिस्टम की भी जानकारी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *