उत्तर बस्तर कांकेर 19 मई 2025/ नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम धनेसरा में आज सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को नवीन आधार कार्ड पंजीयन, राशन कार्ड वितरण, मनरेगा जॉब कार्ड सहित कई योजनाओं से संबंधित दस्तावेजों का वितरण कर लाभान्वित किया गया।
ग्राम धनेसरा में आज आयोजित शिविर में उपस्थित जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की प्रत्येक योजना आम जनता के कल्याण के लिए सरकार द्वारा बनाई जाती है और इसका लाभ लेने के लिए उन्हें अवश्य आगे आना चाहिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं व मांगों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए आज जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया है तथा सभी ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ जरूर लेना चाहिए। आज आयोजित शिविर में शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ग्रामीणों को लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान 10 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 5 को मनरेगा जॉब कार्ड, 2 को किसान क्रेडिट कार्ड और 12 हितग्राहियों को किसान किताब वितरित की गई। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा 4 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म संपन्न की गई तथा 2 शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार किया गया। इसी तरह समाज कल्याण विभाग द्वारा 7 दिव्यांगजनों को मौके पर छड़ी एवं 01 हितग्राही को व्हीलचेयर प्रदान की गई। शिविर में एसडीएम कांकेर श्री अरूण वर्मा, जनपद पंचायत नरहरपुर के अध्यक्ष श्री सोमन कावड़े, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रानू मैथ्यूज एवं जनपद सदस्यगण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
जनमन का किया गया वितरण
जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन आज ग्राम पंचायत धनेसरा में किया गया, जिसमें काफी संख्या में आसपास के ग्रामों के ग्रामीण उपस्थित थे। इस दौरान जनसम्पर्क विभाग की ओर से प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित मासिक पत्रिका जनमन तथा विभिन्न योजनाओं पर आधारित ब्रोशर ‘सुशासन तिहार-2025 : मोर दुआर साय सरकार’ का वितरण उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को किया गया। साथ ही मौके पर प्रस्तुति देने आए लोक नर्तक दल के सदस्यों को भी पत्रिका व ब्रोशर बांटे गए।