कमार डेरा में सडीएम का निरीक्षण,व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए दिए निर्देश

महासमुंद। विकासखंड बागबाहरा के ग्राम तमोरा स्थित कमार डेरा में बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उमेश कुमार साहू द्वारा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्यों की समीक्षा हेतु निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सड़क, आवास, बिजली, पानी जैसी आवश्यक सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान साहू ने ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर कमार डेरा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामवासियों द्वारा बताए गए अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से सभी समस्याओं का समाधान निकालते हुए सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आवास, पेयजल, विद्युत और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने हेतु प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहकर कार्य की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में विकास कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *