कांकेर वृत में अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस धूमधाम से मनाया गया — वन अधिकारियों और समितियों ने साझा किया प्रकृति संरक्षण का संकल्प
माकड़ी, कांकेर, २२ मई २०२५:
आज लाख विस्तार एवं प्रशिक्षण केन्द्र, माकड़ी में वृत स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र कापसी अंतर्गत गठित जैव विविधता समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर देवदत्त तारम ने कहा कि “जैव विविधता हमारे जीवन में काफी महत्वपूर्ण है। प्रकृति की हर इकाई — जीव, वनस्पति, जल और वायु — हमारे अस्तित्व की आधारशिला है। इसका संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की साझी जवाबदेही है।”
इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक श्री दिलराज प्रभाकर की विशिष्ट उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। उनके साथ कांकेर वनमण्डलाधिकारी, पश्चिम एवं पूर्व भानुप्रतापपुर वनमण्डलाधिकारी, नारायणपुर, दक्षिण एवं उत्तर कोण्डागांव के वनमण्डलाधिकारी, कांकेर वृत के सभी उपमण्डलाधिकारी, परिक्षेत्र अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जैव विविधता समितियों के सदस्यों ने क्षेत्रीय वन संपदा के संरक्षण हेतु किए जा रहे कार्यों की प्रस्तुति दी, साथ ही पारंपरिक ज्ञान एवं स्थानीय अनुभवों को साझा किया।
इस वृहद आयोजन में विभागीय समन्वय, सामुदायिक सहभागिता और प्रकृति के प्रति आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। समापन में सभी अधिकारियों और प्रतिभागियों ने जैव विविधता संरक्षण हेतु एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
यह आयोजन न केवल पर्यावरणीय चेतना का परिचायक था, बल्कि यह साबित करता है कि जब प्रशासन और आमजन मिलकर काम करते हैं, तो प्रकृति की रक्षा की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं।