‘उन्हें चाय पर बुलाएं, उनका आदर करना हमारा कर्तव्य’, केजरीवाल ने क्यों व किसके लिए की यह अपील?

दिल्ली विधानसभा के चुनावों में भले ही थोड़ा वक्त बाकी हो, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पूरी तरह से चुनावी रंग में आ चुके हैं और लोगों के बीच जाने और उनसे मिलने-जुलने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने बुधवार को शहर के सफाई कर्मियों का दिल जीतने के लिए उन्हें अपने घर चाय पर बुलाया है। इस बात की जानकारी देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करते हुए दी। साथ ही उन्होंने लोगों से भी सफाईकर्मियों को अपने घर बुलाकर उन्हें चाय पिलाते हुए उनसे बात करने की सलाह दी।

अपनी पोस्ट में केजरीवाल ने सफाईकर्मियों का महत्व बताते हुए लिखा कि ‘आज मैंने सफाई कर्मचारियों को अपने घर चाय पर आमंत्रित किया है। दिल्ली के सफाई कर्मचारी दिन-रात मेहनत करते हैं, हमारे घर के आस-पास सफाई करते हैं, उनकी मेहनत का आदर करना हम सबका कर्तव्य है।’ इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों से भी सफाईकर्मियों का महत्व समझते हुए उन्हें अपने घर बुलाने के लिए कहा।

केजरीवाल ने लिखा, ‘आप भी ये जरूर करें, आपके घर के आसपास जो सफाईकर्मी काम करते हैं उन्हें छुट्टी वाले दिन अपने घर चाय पर बुलाएं, उनसे सुख-दुख की बात करें, उन्हें बहुत अच्छा लगेगा। आइए, हम सब मिलकर इन्हें सम्मान दें और अपनी दिल्ली को साफ़-स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना योगदान दें।’

इसके अलावा बुधवार को की अपनी एक अन्य पोस्ट में केजरीवाल ने दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया और बताया कि वे शाम को नांगलोई में ऐसे दो परिवारों से मिलने जा रहे हैं, जो बढ़ते अपराधों का शिकार हुए हैं। अपनी इस पोस्ट में उन्होंने लिखा ‘दिल्ली में हर तरफ़ डर और असुरक्षा का माहौल है। गली-मोहल्लों में गोलियां चल रही हैं, व्यापारियों को धमकियां दी जा रही हैं, सरेआम हत्याएं हो रही हैं। अमित शाह जी ने दिल्ली की क़ानून व्यवस्था का मज़ाक़ बनाकर रख दिया है।’

आगे उन्होंने लिखा, ‘आज शाम को नांगलोई में ऐसे दो परिवारों से मिलने जा रहा हूँ। एक परिवार की दुकान पर दिन-दहाड़े गोलियाँ चली थीं। दूसरे परिवार से फ़ोन पर करोड़ों रूपए की फ़िरौती माँगी गई। और ये सब पूरी दिल्ली में हो रहा है, रोज़ अख़बारों में खबरें छप रही हैं। क्या किसी ने ये सोचा था कि दिल्ली एक दिन देश का extortion Capital बन जाएगा? और ये सब अमित शाह जी के घर के कुछ किलोमीटर दूर ही हो रहा है। दिल्ली के लोग दहशत में जी रहे हैं और ये लोग हाथ पर हाथ रखे बैठे हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *