ईरान ने मोसाद को भी बनाया निशाना, मिसाइल हमलों से हेडक्वार्टर में बन गया विशाल गड्ढा

ईरान द्वारा बीती रात दागी गई 180 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलों में से एक ने इजरायली खुफिया विभाग मोसाद के तेल अवीव स्थित मुख्यालय को भी निशाना बनाया। इसके बाद मुख्यालय परिसर में एक बड़ा और विशाल गड्ढा दिखाई देने लगा है। सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। सीएनएन ने वीडियो की पुष्टि की है। न्यूज चैनल ने कहा है कि मोसाद मुख्यालय से 3 किलोमीटर से भी कम दूरी पर हर्ज़लिया में एक ऊंची अपार्टमेंट बिल्डिंग से शूट किया गया था।

वीडियो में एक विशाल गड्ढा दिखाया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि पार्किंग स्थल पर जाकर मिसाइल गिरी थी। मिसाइल हमले के कारण वहां धूल उड़ी और आस-पास खड़ी कई गाड़ियां मिट्टी से ढक गईं।

आपको बता दें कि ईरान द्वारा मिसाइलों की बौछार किए जाने के बाद इजरायली शहरों में हवाई हमले के सायरन बजने लगे और लगभग एक करोड़ लोग बंकरों में शरण लेने के लिए भागे।

इजरायल रक्षा बलों ने कहा है कि अधिकांश मिसाइलों को आयरन डोम और एरो द्वारा रोक दिया गया। हालांकि कुछ मिसाइलें ढाल में घुस गईं, जिससे क्षति हुई है। आपको बता दें कि ईरान की तरफ से ये मिसाइल हमले इजरायली सैन्य हमलों में हिजबुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह और हमास नेता इस्माइल हनीयेह की हत्या के प्रतिशोध में किया गए थे।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान ने बड़ी गलती की है और चेतावनी दी है कि उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *