आप नेता और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली में बढ़ते अपराध पर सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली दुनिया की सबसे असुरक्षित राजधानी हो गई है। आज दिल्ली में बेहद भयावह स्थिति बन गई है। लोग कह रहे हैं कि दिल्ली रेप कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड बन गई है। कोई कह रहा है गैंगस्टर कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड है। ये सुनकर अच्छा नहीं लगता। केजरीवाल ने आगे पूछा क्या दिल्ली आपसे नहीं संभल रही है?
दिल्ली की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्र सरकार और अमित शाह की है, लेकिन आज अफसोस से कह रहा हूं कि वो ऐसा करने में फेल हो गए हैं। केजरीवाल बोले आज सबसे ज्यादा दो तबके के लोग परेशान हैं, महिलाएं और बिजनेसमैन। नागलोई में कुछ दिन पहले रोशनलाल नामक व्यक्ति ने सुबह दुकान खोली और मोटरसाइकिल सवार आए और गोलियां चलाकर भाग गए। केजरीवाल ने कहा कि कल मैं उन लोगों से मिलने गया तो बीजेपी के लोगों ने मुझे मिलने से रोक दिया। मुझे रोकने से क्या होगा? केजरीवाल बोले मैं अमित शाह से कहना चाहता हूं कि केजरीवाल को मत रोकिए, क्राइम को रोकिए। केजरीवाल ने कहा कि अगर आज आप अपना काम ठीक से कर लेते तो केजरीवाल को रोकने की जरूरत नहीं पड़ती और ना ही मुझे नागलोई जाने की जरुरत पड़ती।
केजरीवाल ने कहा मैंने कई बिजनेसमैन से बात की है, यह एक ट्रेंड बन गया है। बीते एक साल में रिकॉर्डेड 160 एक्सटॉर्शन की कॉल्स आई हैं। जब एक्सटॉर्शन की कॉल आती है तो वो कहते हैं कि इतने-इतने रुपए देदो, नहीं तो फलाने फलाने आदमी को मार देंगे, पुलिस को बताया तो देख लेना। केजरीवाल ने दावा किया कि 70-80 फीसदी लोग तो पुलिस में रिपोर्ट ही नहीं करते हैं। डर के मारे बताते ही नहीं हैं और पुलिस को पैसे दे देते हैं। केजरीवाल ने कहा कि एक्सटॉर्शन की कॉल्स आती है और फिर कुछ दिनों बाद मोटरसाइकिल से कोई आता है और फायरिंग करके चला जाता है, ये दिखाने के लिए कि आप असुरक्षित हैं। ये दिल्ली में इतनी आम बात हो गई है कि बिजनेसमैन दिल्ली छोड़कर आसपास के राज्यों में चले जा रहे हैं। आज दिल्ली में व्यापार करना गुनाह बनता जा रहा है।
महिलाएं असुरक्षित हैं। महिलाओं को छोटी-छोटी बच्चियों को किडनैप करके उनके साथ रेप कर दिया जाता है। उनका मर्डर कर दिया जाता है। परेशना करने और छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ने से मेट्रो और बसों में सफर करना दूभर होता जा रहा है। ये सारी घटनाएं घट रही हैं, अमित शाह जी के घर के चंद किलोमीटर दूर। अमित शाह जी देश के गृहमंत्री हैं और दिल्ली सीधे उनके अंडर में आती है। उन्हें दिल्ली की कानून व्यवस्था मेंटेन करनी है। वो अपने घर के 20 किलोमीटर दायरे को सुरक्षित नहीं रख पा रहे हैं,वो कैसे देश चलाएंगे। 23 नवंबर को गोविंदपुरी में किरणपाल नाम के 28 वर्षीय पुलिस कॉन्सटेबल की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। 31 अक्टूबर को फर्श बाजार में हुए गैंगवॉर में दो लोगों की मौत हो गई। 21 अक्टूबर को करोल बाग में एक महिला का किडनैप करके रेप कर दिया गया। केजरीवाल ने पूछा क्या आप मानते हैं कि आपसे दिल्ली नहीं संभल रही है और दिल्ली के लोग अब सुरक्षा के लिए किसके पास जाएं।