क्या दोबारा डिप्टी CM बनने जा रहे मनीष सिसोदिया, खुद दिया जवाब

कथित शराब घोटाले की वजह से 17 महीनों तक जेल में रहने के बाद आम आदमी पार्टी के दूसरे सबसे बड़े नेता मनीष सिसोदिया जमानत पर बाहर आ चुके हैं। उनकी रिहाई के बाद से सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वह दोबारा दिल्ली सरकार में अपनी पुरानी भूमिका निभाएंगे या फिर उनकी जिम्मेदारी इस बार अलग होगी। अब खुद मनीष सिसोदिया ने इस सवाल का जवाब दिया है।

इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा कि यह हो सकता है, लेकिन वह इसके लिए जल्दबाजी में नहीं है। सिसोदिया से जब पूछा गया कि क्या वह दिल्ली सरकार में डिप्टी सीएम के रूप में लौटने जा रहे हैं तो उन्होंने कहा, ‘मुझे जेल से आए बस चार दिन हुए हैं। अरविंद केजरीवाल जल्द वापस आएंगे। जब अरविंद जी आएंगे तब मुख्यमंत्री और पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व तय करेंगे कि मुझे संगठन में रहना चाहिए या सरकार में।’ उन्होंने कहा कि फिलहाल वह सबसे मुलाकात में व्यस्त हैं।

सिसोदिया ने कहा, ‘मैं जब से आया हूं देख रहा हूं कि कार्यकर्ताओं में बहुत उत्साह है। मुझे देखकर गर्व हो रहा है अपने कार्यकर्ताओं, नेताओं, विधायकों, पार्षदों को। पिछले 8-10 साल में किसी को जरा सी ईडी की धमकी भी दी तो सरकारें गिर गईं, पार्टियां बिखर गईं। हमारी ना तो पार्टी टूटी ना सरकार बिखरी। सरकार काम करती रही। बहुत गर्व हो रहा है, सबका उत्साह देखकर मजा आ रहा है।’ सिसोदिया ने कहा कि अकेले में तो मन में आशंकाएं आ भी जाती हैं, लेकिन जब वह बाहर आए हैं, जो थोड़ी आशंकाएं थीं, खत्म हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *