पिछले साल 7 अक्टूबर को हुए हमलों के बाद से इजरायल गाजा में लगातार जंग लड़ रहा है। इस बीच हमास के हमले के एक साल होने के मौके पर हिजबुल्लाह ने इजरायल के तीसरे सबसे बड़े शहर हाइफा को निशाना लगाया। सोमवार को हिजबुल्लाह ने इजरायलियों पर रात भर दर्जनों रॉकेट दागे हैं। यह हमला ऐसे समय हुआ जब देश में 7 अक्टूबर के हमले के बाद से शुरू हुए जंग के खिलाफ जमकर विरोध हुए हैं। गाजा में शुरू हुई यह जंग अब पूरे पश्चिम एशिया में फैल गई है और क्षेत्रीय युद्ध की आशंका बढ़ गई है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के इस्फ़हान के पास एक विस्फोट की भी खबरें सामने आई हैं। इजरायली सेना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “8 अक्टूबर में एक घंटे से भी कम समय पहले हिजबुल्लाह ने इजरायल की ओर कई प्रोजेक्टाइल लॉन्च दागे हैं।”
ईरान समर्थित हिजबुल्लाह लेबनान में फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास का एक सहयोगी है। हिजबुल्लाह ने कहा कि उसने ‘फादी 1’ मिसाइलों से हाइफा के दक्षिण में एक सैन्य अड्डे को निशाना बनाया और 65 किमी दूर तिबेरियस पर एक और हमला किया। वहीं इजरायली सेना ने बताया है कि सोमवार को लगभग 190 प्रोजेक्टाइल इजरायली क्षेत्र में घुसे थे। इन हमलों में कम से कम 12 लोग घायल हो गए हैं। इजरायल की सेना ने कहा है कि वायु सेना दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर बड़े पैमाने पर बमबारी कर रही थी और इनमें दो इजरायली सैनिक मारे गए हैं। लेबनान में अब तक 11 इजरायली सैनिकों की मौत हो गई है।
इस बीच हमास के साथ एकजुटता में एक साल पहले हिजबुल्लाह द्वारा इजरायल पर गोलीबारी शुरू करने के बाद इज़राइल के हमलों में अब तक लगभग 2,000 लेबनानी मारे गए हैं। सोमवार को इजराइल ने एक घंटे के अंदर दक्षिणी लेबनान में 120 ठिकानों पर हवाई हमले किए जिनमें हिजबुल्लाह के मिसाइल फोर्स और उसके खुफिया निदेशालय शामिल थे। यह ऑपरेशन हिज़्बुल्लाह के नियंत्रण और फायरिंग क्षमताओं को नुकसान करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।