उत्तर प्रदेश की 9 सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होना है. इसके लिए समाजवादी पार्टी की ओर से 7 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया गया है. कहा जा रहा है अखिलेश यादव कांग्रेस के लिए अलीगढ़ की खैर और गाजियाबाद सदर की सीट छोड़ना चाहते हैं. सूत्रों की मानें तो कांग्रेस की ओर से इस पर नाराजगी जताई जा रही है. ऐसा लग रहा है कि सपा-कांग्रेस गठबंधन में सब-कुछ ठीक नहीं है. इसी बीच जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से इसके बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ये हम दो दलों की बात है.
यूपी में जिन 10 सीटों पर उपचुनाव होना था, उनमें से कांग्रेस ने पांच सीटों की डिमांड की थी. दरअसल कांग्रेस का मानना था कि अगर वो 5 सीटों की डिमांड करेगी तो उसे फाइनली तीन सीटें मिल सकती हैं, लेकिन सपा की ओर से पहले छह प्रत्याशियों की सूची कर दी गई और फिर एक सीट पर भी प्रत्याशी उतार दिया गया. अब केवल तीन ही सीटें बची हैं, जिन पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है. इनमें अलीगढ़ की खैर सीट, गाजियाबाद सदर सीट और मुरादाबाद की कुंदरकी सीट शामिल है. ऐसा कहा जा रहा है कि सपा कुंदरकी सीट नहीं छोड़ेगी और वहां से प्रत्याशी उसी का होगा.
अब कहा जा रहा है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच रिश्तों में तल्खी आ गई है. इसको लेकर जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी उपचुनाव की वोटिंग में समय है. अभी नामांकन चल रहे हैं. समय है. हम दो दलों की बात है, हम लोग रास्ता निकाल लेंगे.
वहीं बीजेपी पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि उन्हें पीडीए से मुकाबला करने के लिए उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे हैं. पीडीए से घबराए बैठे हैं. पहले उनके मुंह से पीडीए सुन भी लेते हैं, लेकिन अब पीडीए की ताकत देखकर वो पीडीए बोलना भूल गए हैं. पूरा कार्यकाल उठाकर देख लें तो सबसे ज्यादा भेदभाव, अन्याय पीडीए परिवार के लोग ही शिकार हुए हैं.
फ्लाइट्स में मिल रही धमकियों को लेकर जब सवाल पूछा गया तो सपा मुखिया ने कहा, “विधानसभा में आरडीएक्स आ गया है. वो खैनी वाला मसाला था. ये बात विधानसभा की मैं कह सकता हूं. सरकार को सिक्योरिटी बढ़ानी चाहिए. बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं. कनाडा जैसा देश कुछ बात ऐसी कह रहा है कि भारत के सम्मान को ठेस पहुंच रही है. इन पर चिंतन करना पड़ेगा.”
अखिलेश यादव करहल सीट पर सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव के नामांकन में शामिल हुए थे. इस दौरान प्रो. रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव और डिंपल यादव भी मौजूद थीं.