शबाना आजमी से शादी के वक्त नशे में धुत थे जावेद अख्तर, अन्नू कपूर बोले- मैं मस्जिद गया था मौलवी लाने

जावेद अख्तर कई बार अपनी शराब की लत के बारे में बात कर चुके हैं। उनका मानना है कि पहली पत्नी हनी ईरानी से शादी टूटने की वजह भी शराब ही थी। अब एक्टर अन्नू कपूर ने एक इंटरव्यू में जावेद अख्तर और शबाना आजमी की शादी को याद किया। उन्होंने बताया कि शबाना से शादी के वक्त भी जावेद नशे में धुत थे। अन्नू कपूर ने बताया कि वह शादी के लिए आधी रात को मौलवी को बुलाने गए थे।

अन्नू कपूर ने सुनाया शादी का किस्सा

अन्नू कपूर एएनआई पॉडकास्ट में बात कर रहे थे। उन्होंने जावेद और शबाना आजमी की शादी को याद किया। बोले, ‘वह (जावेद) वहां बैठे थे और शराब पी रखी थी। शबाना कहीं और बैठकर किताब पढ़ने में बिजी थीं। मैं वहां था औऱ उनसे कहा, बीबी, आगे बढ़ो, एक बार फैसला लेकर खत्म करो। जावेद नशे में डूबे थे। वह बोलीं, ‘मैं कैसे फैसला लूं, वह डिसीजन लेने के लिए तैयार ही नहीं हैं।’ मैं उनके पास गया और उन्हें हिलाया। वह बोले, मैं तैयार हूं। मैं ड्राइवर के साथ बांद्रा मस्जिद मौलवी लाने के लिए भागा। इस बीच शौकत अम्मी उनका लाल जोड़ा लेकर आ गईं। बोनी कपूर, अनिल कपूर और सबको बुलाया गया। सब सुबह 4 बजे तक नाचे और आधी रात के बाद शादी हो गई।’

जावेद को अक्खड़ समझती थीं शबाना

शबाना आजमी पहले कुछ इंटरव्यूज में बता चुकी हैं कि जावेद उनके पिता से मिलने आते थे। वह उस वक्त सलीम-जावेद की जोड़ी को अक्खड़ समझती थीं। बाद में पता चला कि जावेद एकदम उनके पिता जैसे हैं। इसके बाद दोनों की दोस्ती बढ़ गई। शादी का फैसला भी आसान नहीं था। जावेद दो बच्चों के पिता था। 2-3 बार ब्रेकअप भी किया लेकिन फिर शादी हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *