दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में से एक और ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के मालिक जेफ बेजोस जल्द ही दूसरी शादी करने वाले हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग काफी उत्साहित हैं। लोगों को ये जानने में दिलचस्पी है कि 233 अरब डॉलर की नेट वर्थ वाले बेजोस की शादी कैसी होगी। इसी बीच बेजोस का शादी कार्ड सामने आया है, जिसे लेकर लोग उनकी तारीफ के साथ-साथ उन्हें ट्रोल भी कर रहे हैं।
हाल ही में जेफ बेजोस और लॉरेन सांचेज की शादी का कार्ड सामने आया। कार्ड देखने में बेहद सादा है, यही वजह है कि लोग सोशल मीडिया पर इसके लिए उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कार्ड के डिज़ाइन को बेहद साधारण और बेसिक बताया। एक्स पर एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “क्या ये कार्ड माइक्रोसॉफ्ट पेंट में बनाया गया है?” वहीं एक और यूजर ने लिखा, “पैसा तो है, लेकिन क्लास नहीं!”
दूसरी बार शादी कर रहे हैं बेजोस
जेफ बेजोस अपनी मंगेतर लॉरेन सांचेज से शादी करने वाले हैं। ये उनकी दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी 1993 में मैकेंजी स्कॉट से हुई थी, जिनसे 2019 में उनका तलाक हो गया। ये तलाक दुनिया के सबसे महंगे तलाक में से एक है। अब वो सांचेज के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। सांचेज पेशे से जर्नलिस्ट और न्यूज एंकर हैं। वो लंबे समय तक अमेरिकी टीवी पर काम कर चुकी हैं और काफी लोकप्रिय चेहरा रही हैं।
अमेजन के मालिक जेफ बेजोस इटली के वेनिस शहर में भव्य शादी करने वाले हैं। उनकी शादी तीन दिनों तक चलेगी, जिस पर दुनियाभर की नजरें टिकी रहेंगी। जानकारी के मुताबिक शादी के लिए वेनिस के कई शानदार होटलों में मेहमानों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं, जिनमें होटल ग्रिटी पैलेस, सेंट रेजिस, बेलमंड सिप्रियानी और होटल डेनियली जैसे लग्जरी रिसॉर्ट्स शामिल हैं।
इसके अलावा मेहमानों की सुविधा के लिए 90 प्राइवेट जेट्स और 30 वॉटर टैक्सी की व्यवस्था की गई है, ताकि वे सीधे वेन्यू तक पहुंच सकें। वेनिस की नहरों के जरिए वेन्यू तक पहुंचने का यह अंदाज इस समारोह को और भी यादगार और खूबसूरत बना देगा।