बुधवार देर रात से लेकर गुरुवार तक झारखंड के रांची, हजारीबाग व लोहरदगा के अलावा यूपी के अलीगढ़, राजस्थान के भिवाड़ी और ओडिशा समेत 18 ठिकानों पर दबिश दी गई। इस दौरान रांची में एक चिकित्सक डॉ इश्तियाक अहमद और हजारीबाग में युवक फैजान अहमद समेत आठ लोगों को पकड़ा गया।
उधर, राजस्थान के भिवाड़ी से छह लोगों को दबोचा गया है, इनमें भी अधिकतर झारखंड से हैं। ये लोग यहां कथित तौर पर आतंकी ट्रेनिंग ले रहे थे। पेशे से चिकित्सक (रेडियोलॉजिस्ट) डॉ इश्तियाक एक्यूआईएस मॉड्यूल का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि इश्तियाक की मंशा भारत में ‘खिलाफत’ घोषित करने और बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देकर देश को दहलाने की थी। पकड़े गए संदिग्धों के पास से एके-47 समेत कई हथियार और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर एटीएस ने रांची के बरियातू जोड़ा तालाब के समीप अल-हसन रेसीडेंसी अपार्टमेंट से इश्तियाक को उसके घर से ही पकड़ लिया। इसके बाद उसके लैपटॉप और मोबाइल फोन की जांच की गई। जांच में कई संदिग्ध चीजें मिलने के बाद एटीएस उसे पूछताछ के लिये गुप्त ठिकाने पर ले गई। वहां पूछताछ कर यूपी, राजस्थान समेत अन्य शहरों में गतिविधि की जानकारी जुटाई गई। इसी जानकारी के आधार पर देश के अलग-अलग हिस्सों में दबिश दी गई। वहीं हजारीबाग से गिरफ्तार फैजान को तीन दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया गया।
झारखंड पुलिस के आईजी अभियान अमोल वी होमकर ने बताया कि दिल्ली पुलिस की सूचना पर चलाए जा रहे अभियान में राज्य में 16 जगहों पर दबिश दी गई। आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आईजी अभियान ने बताया कि संदिग्ध आतंकियों के पास से अवैध हथियार, लैपटॉप, मोबाइल फोन और संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं। आईजी अभियान ने बताया कि संदिग्ध आतंकियों से पूछताछ जारी है। वहीं दिल्ली पुलिस के पीआरओ सुमन नलवा ने भी बताया कि स्पेशल सेल ने खुफिया जानकारी के आधार पर तीन राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर एक ऑपरेशन चलाया। ऑपरेशन अभी जारी है। लिहाजा मॉड्यूल से जुड़े कई और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
एटीएस ने लोहरदगा में कुडू के हेंजला कौवाखाप में छापेमारी की। यहां अल्ताफ उर्फ इल्ताफ तो नहीं मिला, लेकिन छापेमारी में उसके घर से दो हथियार व कई आपत्तिजनक दस्तावेज मिले। वहीं रांची के चान्हो के बलसोकरा के मो मोदब्बीर पिता स्व मो नुमान, मो रिजवान पिता मो परवेज, चटवल के मफ्ती रहमतुल्लाह मजहिरी पिता मो खलील और पिपराटोली के मतिउर रहमान पिता इब्राहिम अंसारी को हिरासत में लिया है। मो मोदब्बीर, मो रिजवान, मु़फ्ती और मतीउर रहमान को उनके घर से, जबकि मुफ्ती को मदरसा से हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए गये रहमतुल्लाह चटवल के कुदरतनगर में जमीयतुल मोहसिनात नामक मदरसा चलाता है, वहीं मतीउर की बीजूपाड़ा चौक में कपड़े की दुकान है। मो मोदब्बीर बलसोकरा में वेब वर्ल्ड और मो रिजवान नंबर प्लेट और सीट कवर की दुकान चलाता है। वहीं पकरियो में भी छापेमारी की गई, लेकिन एनामुल अंसारी और शहबाज नहीं मिले।