घर में नहाते समय फिसलकर गिरे झारखंड के मंत्री रामदास सोरेन, सिर में लगी गंभीर चोट

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन शनिवार सुबह अपने आवास के बाथरूम में गिर गए। गिरने की वजह से उनके सिर में चोट लग गई है। राज्य के मंत्री इरफान अंसारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें अभी एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अंसारी ने बताया कि सोरेन को आज सुबहं जमशेदपुर के एक अस्पताल में इलाज किया गया है, इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए विमान से दिल्ली के एक अस्पताल जाने की तैयारी हो रही है।
दिल्ली लाने की है तैयारी

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अंसारी ने एक बयान में कहा कि रामदास सोरेन जी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह बाथरूम में गिर गए थे, जिससे उनके दिमाग में गंभीर चोट पहुंची और खून का थक्का जम गया। उन्होंने बाद में बताया कि सोरेन को जमशेदपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों को पता चला कि उनके दिमाग में खून का थक्का जम गया है। अंसारी ने कहा कि हम उन्हें दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। मैं लगातार उनके संपर्क में हूं और उनकी हालत पर नजर रख रहा हूं।

चोट लगने के बाद सोरेन को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर एयर एम्बुलेंस से उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल भेजा गया। बता दें कि उन्हें किडनी की बीमारी भी है और दिल्ली में ही इलाज चल रहा था, इसलिए परिवार वालों ने दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया है। रामदास सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं और चंपई सोरेन के झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी के अंदर बड़े नेता के रूप में उभरे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *