‘जैसे मेरे पति को मारा, वैसे ही उन्हें मारा जाए’, बहराइच हिंसा में मारे गए रामगोपाल की पत्नी ने CM योगी से मांगा इंसाफ

बहराइच हिंसा में मारे गए रामगोपाल मिश्रा के परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात से पहले आजतक से बात करते हुए कहा कि हमें आरोपियों का एनकाउंटर चाहिए. मृतक रामगोपाल की पत्नी ने कहा कि जैसे मेरे पति को मारा गया, वैसे ही उन्हें भी मारा जाए. हमें सीएम से और कुछ नहीं चाहिए. 

जब उनसे पूछा गया कि आपको लगता है कि क्या सीएम योगी से न्याय मिलेगा तो उन्होंने कहा कि ये तो हमें जाकर ही पता चलेगा कि न्याय करते हैं या नहीं. हमें तो खून के बदले खून चाहिए. वहीं जब उनसे पूछा गया कि पुलिस ने जो कार्रवाई की है, आप उससे संतुष्ट हैं या नहीं तो इस पर रोली मिश्रा ने कहा कि हम पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं. जब तक उन लोगों को सजा नहीं मिलती, उनका भी इस तरह से खून नहीं बहता, तबतक हम संतुष्ट नहीं होंगे. वहां जाकर देखते हैं. उनको जब सजा मिलेगी तो हमारे पति को शांति मिल जाएगी. हम लोगों को भी मिल जाएगी और कुछ नहीं चाहिए.

वहीं परिवार के एक सदस्य ने कार में बैठते हुए कहा कि हमें न्याय मिलना चाहिए. हमने देखा कि उसकी हालत क्या थी. उस दौरान मेरे साथ कोई और नहीं था. न पुलिस और न ही कोई और. पूरी लापरवाही पुलिस की रही. उन्होंने आगे पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन और एसओ की लापरवाही नहीं होती तो कुछ नहीं होता. अगर लाठीचार्ज नहीं होता तो कुछ नहीं होता. कार्रवाई तो होनी चाहिए. हम गिरफ्तारी से संतुष्ट नहीं है. हमें उसका एनकाउंटर चाहिए. 

इससे पहले रामगोपाल की मां ने रोते हुए कहा कि मेरा बेटा तो चला गया, अब हम क्या करेंगे. हमें बस न्याय मिलना चाहिए. जैसे बेटे को मारा गया है, वैसी उनको (हत्यारों) सजा मिले. वहीं, रामगोपाल के भाई ने कहा कि सीएम योगी से मिलने जा रहे हैं, उनको पूरी बात बताएंगे. क्या हुआ, कैसे हुआ, साथ ही क्या हमारी मांग है. फिलहाल, हम पुलिस की कार्रवाई से खुश नहीं हैं. पुलिसवालों की लापरवाही का ही ये नतीजा है. मै वहीं मौजूद था जब हत्या हुई थी. हमें दोषियों का एनकाउंटर चाहिए. 

रविवार की शाम करीब छह बजे बहराइच के हरदी थाना इलाके के रेहुआ मंसूर गांव का रहने वाला रामगोपाल मिश्रा (22) दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस में आगे-आगे चल रहा था. ये जुलूस जब महराजगंज बाजार में समुदाय विशेष के मोहल्ले से गुजर रहा था तो नारेबाजी और डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई. देखते ही देखते ये कहासुनी बवाल में बदल गई. आरोप है कि इस दौरान छतों से पत्थर फेंके जाने लगे, जिससे विसर्जन में भगदड़ मच गई.  

इस बीच हुई गोलीबारी में रामगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां उसने दम तोड दिया. रामगोपाल की मौत की खबर के बाद महराजगंज में बवाल और अधिक उग्र हो गया. आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के घर समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी. इस घटना की आग पूरे जिले में फैल गई. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *