कैलाश गहलोत, अनिल झा, सुमेश शौकीन… दिल्ली में दलबदल एक्सप्रेस ने पकड़ी रफ्तार, 10 दिन में इन 5 नेताओं ने नई पार्टी में ली एंट्री

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव अब अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है और इधर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं. केद्र शासित प्रदेश दिल्ली में फरवरी 2025 तक विधानसभा के चुनाव होने हैं और इससे पहले सियासी तापमान बढ़ने लगा है. नेताओं के दलबदल का सिलसिला भी तेज होता नजर आ रहा है.

दिल्ली में दलबदल एक्सप्रेस ने रफ्तार पकड़ ली है. पिछले 10 दिनों में ही लगभग आधा दर्जन नेता अपनी पुरानी पार्टी का साथ छोड़कर दूसरे दल का दामन थाम चुके हैं. ऐसे नेताओं की लिस्ट में दिल्ली सरकार के मंत्री रहे कैलाश गहलोत से लेकर मतीन अहमद और वीर सिंह धींगान तक, कई कद्दावर नेताओं के नाम हैं.

कैलाश गहलोत

कैलाश गहलोत दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री थे. आम आदमी पार्टी के दो बार के विधायक कैलाश गहलोत ने 17 नवंबर को आतिशी कैबिनेट में मंत्री पद के साथ ही आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. कैलाश गहलोत ने आम आदमी पार्टी से नाता तोड़ने के अगले ही दिन बीजेपी मुख्यालय पहुंचकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी. 

अनिल झा

अनिल झा किराड़ी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के टिकट पर दो बार विधायक रहे हैं. बीजेपी का पूर्वांचली चेहरा रहे अनिल झा 17 नवंबर को कमल का साथ छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में अनिल आम आदमी पार्टी में शामिल हुए. केजरीवाल ने अनिल झा का आम आदमी पार्टी में स्वागत करते हुए पूर्वांचल का सबसे बड़ा चेहरा बताया था.

सुमेश शौकीन

सुमेश शौकीन ग्रामीण दिल्ली के बड़े जाट नेताओं में गिने जाते हैं. वह ग्रामीण दिल्ली की मटियाला विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक भी रहे हैं. सुमेश ने अब हाथ का साथ छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है. सुमेश शौकीन ने एक दिन पहले ही अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और पूर्व सीएम की तारीफ करते हुए कहा कि दिल्ली देहात में जितने भी विकास कार्य हुए हैं, वह पिछले 10 साल में हुए हैं.

वीर सिंह धींगान

कांग्रेस के पूर्व विधायक वीर सिंह धींगान ने भी हाथ झटक आम आदमी पार्टी की झाड़ू थाम ली है. सीमापुरी सीट से तीन बार विधायक रहे धींगान ने अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में 15 नवंबर को आम आदमी पार्टी का दामन थामा था. दिल्ली कांग्रेस का बड़ा दलित चेहरा रहे धींगान दिल्ली सरकार के खादी ग्रामोद्योग और एससी-एसटी बोर्ड के चेयरमैन रहे हैं.

मतीन अहमद

कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में गिने जाने वाले मतीन अहमद ने 10 नवंबर को हाथ का साथ छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था. चौधरी मतीन अहमद दिल्ली की सीलमपुर विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रहे हैं और यमुना पार के इलाकों में मजबूत पकड़ रखते हैं. चौधरी मतीन ने पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *