जेल में बंद केजरीवाल को कैलाश गहलोत ने बताया ‘आधुनिक स्वतंत्रता सेनानी’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जगह गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने स्वतंत्रता दिवस पर छत्रसाल स्टेडियम में तिरंगा फहराया। कैलाश गहलतो ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को आधुनिक स्वतंत्रता सेनानी बताते हुए कहा कि उन्होंने काम करने के चलते जेल जाना स्वीकार किया लेकिन तानाशाही ताकतों के सामने झुकने नहीं। गहलोत ने कहा कि दिल्ली के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार छीने गए लेकिन केजरीवाल सरकार काम करती रहेगी।

गहलोत ने कहा, ‘आजादी के इतने वर्षों के बाद भी एक चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को बिना किसी अपराध, बिना कोई सबूत और बिना कोई मुकदमा चलाए जेल में डाल दिया। अरविंद केजरीवाल जी आधुनिक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हैं। उन्हें दिल्ली की जनता के लिए काम करने की सजा मिली है। उन्होंने जेल जाना स्वीकार किया लेकिन लोकतंत्र विरोधी ताकतों के आगे झुकना स्वीकार नहीं किया।’ 

उन्होंने कहा कि क्या हमें इसलिए आजादी मिली थी कि एक चुने हुए व्यक्ति को जेल में डाल दिया जाए। ये आजादी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए मिला था। केजरीवाल सरकार ने साबित कर दिया कि नियत साफ हो, ईमानदारी से काम करने पर सबकुछ संभव है।

गहलोत ने कहा कि तमाम बाधाओं के बाद भी सरकार दिल्ली में 11 नए अस्पताल का निर्माण और 14 अस्पतालों का नवीनीकरण करा रही है। इसके साथ ही केजरीवाल सरकार दिल्लीवालों को महंगाई से राहत दिलाने के लिए मुफ्त बिजली-पानी दे रही है। सरकारी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज उपलब्ध है। वहीं महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *