दुर्ग नगर निगम में खिला कमल: अलका बाघमार ने प्रेमलता साहू को हराया

दुर्ग . दुर्ग नगर निगम में एक बार फिर भाजपा का परचम लहराया है। भाजपा प्रत्याशी अलका बाघमार ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमलता पोषण साहू को 67,295 मतों से पराजित कर महापौर पद पर कब्जा जमा लिया है। इससे पहले कांग्रेस के धीरज बाकलीवाल महापौर थे, लेकिन इस बार भाजपा ने जोरदार जीत हासिल की।

भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है और बड़ी संख्या में भाजपा पार्षद भी निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस की टिकट वितरण नीति की खामियों का खामियाजा उसे उठाना पड़ा, जिससे कांग्रेस की स्थिति कमजोर हो गई।

मतगणना में भाजपा की लगातार बढ़त
सुबह 9 बजे से शुरू हुई मतगणना में पहले ही डाक मतों की गणना में भाजपा ने 59 वोटों से बढ़त बना ली थी। पहले राउंड में ही भाजपा को 25,782 वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 9,303 वोट ही मिले। भाजपा ने पहले राउंड से ही 16,479 मतों की बढ़त बना ली थी।

राउंडवार वोटों का विवरण:
पहला राउंड: भाजपा – 25,782, कांग्रेस – 9,303 (16,479 की बढ़त)
दूसरा राउंड: भाजपा – 51,422, कांग्रेस – 18,215 (33,207 की बढ़त)
तीसरा राउंड: भाजपा – 75,345, कांग्रेस – 27,058
चौथा राउंड: भाजपा – 93,634, कांग्रेस – 34,378
पांचवा राउंड: भाजपा – 1,02,299, कांग्रेस – 37,982 (64,317 की बढ़त)
छठा राउंड: भाजपा – 1,05,775, कांग्रेस – 39,457
सातवां राउंड: भाजपा – 1,07,166, कांग्रेस – 40,175
आठवां राउंड: भाजपा – 1,07,642, कांग्रेस – 40,347
अंतिम परिणाम में अलका बाघमार ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमलता पोषण साहू को 67,295 वोटों से पराजित कर दिया।

भाजपा प्रत्याशी को विजयी प्रमाण पत्र सौंपा गया
मतगणना समाप्त होने के बाद, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी की उपस्थिति में उप निर्वाचन अधिकारी ने अलका बाघमार को भारी मतों से जीतने के बाद विजयी प्रमाण पत्र सौंपा। इस अवसर पर दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, भाजपा नेता कांतिलाल बोथरा, एवं अन्य प्रमुख नेता उपस्थित थे।

इस जीत के साथ, भाजपा ने दुर्ग नगर निगम में फिर से अपना दबदबा कायम कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *