दिल्ली के आसपास कमल का कमाल, AAP का बुरा हाल; जमानतें नहीं बचीं

हरियाणा में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत का परचम फहरा दिया है। यह पहली बार है जब किसी पार्टी ने प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है। एक तरफ जहां कांग्रेस को हरियाणा में बड़ा झटका लगा तो दूसरी तरफ 89 सीटों पर पूरे दमखम के साथ लड़ी आम आदमी पार्टी के लिए भी परिणाम बेहद निराशाजनक रहे। पार्टी को एक भी सीट पर जीत नहीं मिला। ‘आप’ के लिए अधिक चिंताजनक बात यह है कि दिल्ली से सटी सीटों पर भी उसके लड़ाके धूल चाटते नजर आए। एनसीआर से लगते इलाकों में लगभग सभी सीटों पर आप उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है।

गुड़गांव में भाजपा ने 68 हजार वोट से जीत हासिल की तो आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. निशांत आनंद को महज 2177 वोट मिले। वह चौथे स्थान पर रहे। गुरुग्राम जिले की बादशाहपुर सीट पर भाजपा के राव नरबीर सिंह ने 60 हजार वोटों से जीत हासिल की। यहां ‘आप’ के बीर सिंह बीरू सरपंच भी चौथे स्थान पर रहे। हालांकि, उन्होंने 12943 वोट हासिल किए। सोहना से भाजपा प्रत्याशी तेजपाल तंवर ने 11675 वोट से जीत हासिल की। यहां ‘आप’ के धर्मेंद्र खटाना 2680 वोट लेकर छठे स्थान पर रहे। पटौदी में भी हाल कुछ अलग नहीं। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी प्रदीप जटौली को 1874 मत मिले।

बहादुरगढ़ में कुलदीप सिंह चिकारा 966 वोट मिले। वह छठे स्थान पर रहे। बहादुरगढ़ में निर्दलीय उम्मीदवार राजेश जून ने 41999 वोट से जीते। दिल्ली से ही सटे सोनीपत के राई विधानसभा सीट पर ‘आप’ के राजेश सरोह आठवें स्थान पर रहे। उन्हें महज 281 वोट मिले। यहां भाजपा की कृष्णा गहलावत ने 4673 वोट से जीत हासिल की। खरखौदा सीट पर भाजपा के पवन खरखोदा ने 56 से अधिक वोट से जीत दर्ज की जबकि ‘आप’ के मनजीत फरमाना को महज 397 मत मिले।

फरीदाबाद सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार प्रवेश मेहता को महज 926 वोट हासिल हुए। यहां भाजपा के विपुल गोयल ने 48 हजार वोट से जीत दर्ज की। फरीदाबाद एनआईटी सीट पर आप के रवि डागर 1415 वोट पर कब्जा कर पाए। यहां भी भाजपा के सतीश कुमार पघाना ने 33 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। बल्लभगढ़ से ‘आप’ के उम्मीदवार रविंद्र फौजदार को 6634 वोट मिले। इस सीट पर भी भाजपा के मूल चंद्र शर्मा ने जीत हासिल की है। फरीदाबाद के ही तिगांव सीट से आप के आभाष चंदेला को 5669 वोट मिले। वह पांचवें स्थान पर रहे। तिगांव में भाजपा के राजेश नागर ने जीत हासिल की है। जिले की पृथला सीट पर आप के प्रत्याशी कौशल तातरपुर को महज 706 वोटों से संतोष करना पड़ा। यहां भाजपा के रघुबीर तेवतिया ने 20 हजार वोटों से जीत हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *