यूपी के कानपुर शहर के चर्चित एकता गुप्ता हत्याकांड में आरोपी जिम ट्रेनर विमल सोनी को 48 घंटे की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. पुलिस ने विमल से विस्तार से पूछताछ करने और मृतका का मोबाइल और जिम बैग बरामद करने के लिए सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने दो दिन का समय दिया है. विमल को जेल से ही कोर्ट में तलब किया गया था.
आपको बता दें कि पुलिस ने चार महीने से लापता कानपुर के सिविल लाइंस निवासी एकता गुप्ता की हत्या का खुलासा कर आरोपी ग्रीन पार्क स्टेडियम के जिम ट्रेनर विमल सोनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इस पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी विमल ने चार महीने पहले डीएम आवास के ठीक बगल में बने ऑफिसर्स क्लब (डीएम कंपाउंड) में एकता का शव दफनाया था.