दिल्ली की जंग से पहले BJP को ‘डबल झटका’ चाहते हैं केजरीवाल, लगाएंगे अपनी ताकत

कुछ महीने बाद ही दिल्ली में चुनावी दंगल का सामना करने जा रहे आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल चाहते हैं कि महाराष्ट्र और झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार हो और हरियाणा में जीत के बाद उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल में गिरावट आए। दोनों राज्यों में ‘इंडिया’ गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने के लिए वह अपनी ताकत भी लगाना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी ने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए बता दिया है कि उन्हें बुलावे का इंतजार है।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को कहा कि जहां भी प्रचार के लिए बुलाया जाएगा अरविंद केजरीवाल वहां जाएंगे। संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा, ‘पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने पहले भी स्पष्ट किया है फिर दोबारा स्पष्ट कर दे रहा हूं कि इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए जहां भी प्रचार के लिए हमारे घटक दल आमंत्रित करेंगे तो अरविंद केजरीवाल जरूर प्रचार के लिए जाएंगे।’

आप सूत्रों का कहना है कि आम आदमी पार्टी के नेता महाराष्ट्र और झारखंड में ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए प्रचार करने जाएंगे। वह महाराष्ट्र में शिवसेना (उद्धव गुट), एनसीपी और कांग्रेस के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे तो झारखंड में जेएमएम, कांग्रेस और राजेडी गठबंधन के लिए प्रचार करेंगे। आम आदमी पार्टी इस बार दोनों ही राज्यों में चुनाव नहीं लड़ रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आम आदमी पार्टी भले ही वहां चुनाव नहीं लड़ रही है, लेकिन केजरीवाल चाहेंगे कि भाजपा को दोनों ही राज्यों में हार मिले ताकि लोकसभा चुनाव से पहले नैरेटिव उनके पक्ष में हो। हरियाणा में जीत के बाद भाजपा के कार्यकर्ता उत्साहित हैं और इस बार दिल्ली में भी बेहतर परिणाम की उम्मीद करने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *