‘देश के लिए जरूरी हर विषय को उलझाए रखा,हरियाणा में PM मोदी का कांग्रेस पर निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को हरियाणा के पलवल में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति झूठे वादों तक सीमित है, जबकि भाजपा की राजनीति कड़ी मेहनत और परिणाम पर केंद्रित है. 5 अक्टूबर को हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पलवल में अपनी आखिरी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने जा रही है. 

पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा को भारी बहुमत से जिताने का निश्चय कर लिया है. हरियाणा में तो चुनाव अभियान चल रहा है. लेकिन आज जम्मू-कश्मीर में अंतिम चरण का मतदान हो रहा है. वहां बहुत भारी संख्या में लोग लोकतंत्र के पर्व में हिस्सा ले रहे हैं. मैं जम्मू-कश्मीर के सभी मतदाताओं से कहूंगा कि वे अपना वोट जरूर डालें. मैंने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में लंबे समय तक हरियाणा की जमीनी राजनीति को देखा है. बीते दिनों हरियाणा के अलग-अलग क्षेत्र में मुझे चुनाव अभियान के लिए, जनता-जनार्दन के दर्शन के लिए जाने का अवसर मिला है.आज इस चुनाव की ये मेरी अंतिम सभा है. कांग्रेस ने देश के लिए जरूरी हर विषय को उलझाए रखा. कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनने दिया. कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर में संविधान पूरी तरह से लागू नहीं होने दिया. उसने हमारी बहनों को संसद और विधानसभा में आरक्षण से वंचित रखा. उसने हमारी मुस्लिम बहनों को तीन तलाक की समस्या में उलझाए रखा.
कांग्रेस ने देश की, देशवासियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया बल्कि अपने परिवार को स्थापित करने में पूरी शक्ति लगा दी.”

पलवल में जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “गांव-गांव में भाजपा की लहर है. हर जगह एक ही आवाज सुनाई दे रही है- ‘भरोसा दिल से, भाजपा फिर से.’ कांग्रेस की राजनीति झूठे वादों तक सीमित है, जबकि भाजपा की राजनीति कड़ी मेहनत और परिणाम पर केंद्रित है. हम कड़ी मेहनत पर ध्यान देते हैं, हम परिणाम पर ध्यान देते हैं. और कांग्रेस कभी कड़ी मेहनत नहीं करती. कांग्रेस सोचती है कि 10 साल हो गए और हरियाणा की जनता उन्हें थाली में परोस कर सत्ता सौंप देगी.” 

उन्होंने कहा, “कांग्रेस को मध्य प्रदेश में भी यही गलतफहमी थी और उसने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया, लेकिन मतदान के दिन जनता ने उन्हें दिन में तारे दिखा दिए, आईना दिखा दिया. हरियाणा के पड़ोस में राजस्थान है, वहां भी कांग्रेस ने किसानों और युवाओं को भाजपा के खिलाफ भड़काने की बड़ी कोशिश की थी, लेकिन क्या हुआ, कांग्रेस धराशायी हो गई. हरियाणा में भी यही होने जा रहा है – ‘धड़ाम’ (कांग्रेस पूरी तरह से ध्वस्त हो जाएगी). हरियाणा के लोग कांग्रेस को सत्ता से दूर रखेंगे.” 

पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस में जो अंदरूनी कलह चल रही है, लोग उसे देख रहे हैं. हरियाणा की धरती ने हमें पवित्र गीता का संदेश दिया है. हरियाणा ने हमें कड़ी मेहनत करना सिखाया है, लेकिन कांग्रेस का फार्मूला है कि न काम करो और न ही दूसरों को काम करने दो. हरियाणा का ट्रैक रिकॉर्ड रहा है कि वह केंद्र में सत्तासीन पार्टी के साथ जाता है. दिल्ली में आपने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई और हरियाणा में भी आपने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का फैसला किया है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *