KG1 छात्रा का रेप: प्यार से जिस टीचर को ‘डैडी अंकल’ कहती थी बच्ची, उसी ने की घिनौनी हरकत;

साढ़े तीन साल की बच्ची के साथ रेप के बाद भोपाल के एक प्राइवेट स्कूल को सील कर दिया गया है. कंप्यूटर टीचर ने एलकेजी की छात्रा के साथ घिनौनी हरकत को अंजाम दिया था. पूछताछ में पता चला है कि आरोपी टीचर कासिम रेहान को पीड़िता प्यार से ‘डैडी अंकल’ कहती थी. 

प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि स्कूल को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही स्कूल की एमपी बोर्ड संबद्धता रद्द करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं. जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एनके अहिरवार ने न्यूज एजेंसी को बताया कि जिला परियोजना समन्वयक ने स्कूल को नोटिस दिया है और संबद्धता रद्द करने की कार्रवाई उचित विचार-विमर्श के बाद की जाएगी, क्योंकि इसमें वहां पढ़ने वाले बच्चों का भविष्य शामिल है. 

मामले की जांच के बारे में बात करते हुए असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर (महिला सुरक्षा) निधि सक्सेना ने कहा कि पीड़िता के माता-पिता के बयान दर्ज किए गए हैं, जबकि बच्ची को एक ‘सहायक व्यक्ति’ प्रदान किया गया है, जिसका बयान भी अदालत में दर्ज किया जाएगा. पीड़िता आरोपी को ‘डैडी अंकल’ कहती थी. 

मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी के प्रमुख सक्सेना ने बताया कि 28 वर्षीय आरोपी का मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.

अधिकारियों ने बताया कि मां ने बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स पर चोट के निशान देखे और स्कूल प्रबंधन से इसकी शिकायत की थी. फिर स्कूल में शिकायत को नजरअंदाज किए जाने के बाद बच्ची की मां ने पुलिस से संपर्क किया था. 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के पदाधिकारियों ने घटना का विरोध किया था और कासिम रेहान के लिए मृत्युदंड की मांग की थी. पुलिस अब भारतीय न्याय संहिता और POCSO एक्ट  के प्रावधानों के तहत आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. 

एक सूत्र ने बताया, टीचर पोर्न देखने का आदी है और अपने मोबाइल फोन पर ऐसी क्लिप देखता है. स्कूल के शौचालय में अपराध करने से पहले उसने ऐसे वीडियो देखे थे. ये उसके मोबाइल फोन से बरामद किए गए हैं. उसने कुछ महीने पहले अपनी पत्नी को तलाक दिया था. 

सूत्र ने बताया कि आरोपी बाइक राइडिंग ग्रुप का मेंबर था. उसने झारखंड में एक विदेशी महिला के साथ हुए बलात्कार के विरोध में  निकाले गए मोमबत्ती जुलूस में हिस्सा लिया था. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *