खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए फिर धमकी जारी कर दी है। खबर है कि पन्नू ने 1 से 19 नवंबर के बीच Air India के जरिए उड़ान न भरने की धमकी दी है। खास बात है कि यह धमकी ऐसे समय पर सामने आई है, जब एविएशन लगातार बम की अफवाहों का सामना कर रहा है। रविवार को भी इन धमकियों के चलते कई उड़ानें प्रभावित हुईं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, सिख्स फॉर जस्टिस के प्रमुख पन्नू ने यात्रियों को 1 से 19 नवंबर के बीच एयर इंडिया फ्लाइट में यात्रा नहीं करने की चेतावनी दी है। बीते साल भी पन्नू ने इस तरह की धमकी दी थी। कहा जा रहा है कि चेतावनी खासतौर से अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वालों को दी गई है। 23 जून 1985 में एयर इंडिया के बोइंग विमान में विस्फोट हो गया था। इस घटना के तार खालिस्तानी चरमपंथियों से जोड़े गए थे।
पीटीआई भाषा के अनुसार, सूत्रों ने बताया है कि अलग-अलग कंपनियों की 30 से अधिक उड़ानों में शनिवार को बम होने की धमकी मिली। सूत्रों ने बताया कि विभिन्न सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये एअर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर, विस्तारा, स्पाइसजेट, स्टार एयर और अलायंस एयर की 30 से अधिक घरेलू और विदेशी उड़ानों में बम होने की धमकी मिली थी।
शनिवार तक एक हफ्ते में भारतीय विमानन कंपनियों की कम से कम 70 उड़ानों में बम होने की धमकी मिली है। हालांकि, ये सभी धमकियां बाद में अफवाह निकलीं।