बीजेपी जॉइन करने की खबरों पर खेसारी लाल यादव का बड़ा बयान, बोले- मैं कलाकार हूं, नेता नहीं

भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने आखिरकार उन अटकलों पर विराम लगा दिया है, जिनमें उनके भारतीय जनता पार्टी जॉइन करने की चर्चा जोरों पर थी। हाल ही में पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान खेसारी ने साफ शब्दों में कहा कि राजनीति उनके बस की बात नहीं है और वे खुद को केवल एक कलाकार के रूप में ही देखना चाहते हैं।

भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े चेहरे राजनीति में सक्रिय हैं। रवि किशन और मनोज तिवारी अभिनेता से नेता बन चुके हैं और संसद तक का सफर तय कर चुके हैं। वहीं पवन सिंह ने भले ही विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के लिए जमकर प्रचार किया था। ऐसे में खेसारी के राजनीति में आने की चर्चा ने भी जोर पकड़ लिया था।

हालांकि इन तमाम चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा कि मैं कहीं नहीं जा रहा हूं। मैं कलाकार हूं और मुझे कलाकार ही रहने दीजिए। राजनीति में आपको झूठ बोलना पड़ता है, और हम सच बोलने वाले लोग हैं। सच बोलकर राजनीति नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि एक समय ऐसा आया था जब उन्होंने चुनाव लड़ा था, लेकिन उस अनुभव ने उन्हें यह एहसास दिला दिया कि राजनीति का रास्ता उनके लिए नहीं है।

पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के तलाक के मुद्दे पर भी खेसारी ने बेहद संतुलित जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह उनका निजी पारिवारिक मामला है और अब वे किसी के निजी जीवन पर टिप्पणी करने से बचते हैं, क्योंकि पहले बयान देने के बाद उन्हें काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। खेसारी ने भोजपुरी इंडस्ट्री की एकजुटता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि चाहे उनका गाना बजे या पवन सिंह का, नाम तो भोजपुरी का ही रोशन हो रहा है।

युवा क्रिकेटर ईशान किशन का जिक्र करते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा कि बिहार के सभी खिलाड़ी और कलाकार प्रदेश का गौरव हैं। मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा कि उनका गाना धरती पर बज रहा है, मेरा तो चांद पर बज रहा है। स्पष्ट है कि खेसारी लाल यादव फिलहाल राजनीति से दूरी बनाए रखते हुए अपने संगीत और अभिनय करियर पर ही ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने यह साफ कर दिया है कि उनका पहला और आखिरी प्यार संगीत है, और वे उसी दुनिया में खुश हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *