खूंटी पुलिस ने किया भोंज मुंडा हत्याकांड का खुलासा, आरोपी ने पत्नी के प्रेमी का किया था मर्डर

झारखंड के खूंटी जिले के सोयको थाना क्षेत्र के अंतर्गत 26 जुलाई को हुए भोंज मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने फगुवा मुंडा उर्फ चुन्नु, एतवा पुर्ती उर्फ टुन्नु उर्फ दीपक और सागुन दास नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार दाऊली, चाकू और एक बाइक भी बरामद किया है. 

यह घटना 26 जुलाई को हुई थी. जब सोयको थाना क्षेत्र के जिऊरी गांव के मैदान के पास एक शव बरामद हुआ था. जांच के दौरान मृतक की पहचान कुदा गांव निवासी भोंज मुंडा के तौर पर हुई थी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि कुंदा निवासी सांदिर उर्फ सुकरा मुंडा की पत्नी का मृतक भोंज मुंडा के साथ अवैध संबंध था.

पुलिस ने जब सुकरा मुंडा को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने अगस्त में कोर्ट में सरेंडर कर दिया. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसकी पत्नी और भोंज मुंडा के बीच अवैध संबंध थे. जिसके कारण उसने पूर्व नक्सली फगुवा मुंडा और एतवा पुर्ती को 70 हजार रुपये देकर हत्या करवाई. 

फगुवा मुंडा पहले पीएलएफआई उग्रवादी संगठन से जुड़ा था और उस पर कई गंभीर आरोप हैं. जिनमें सोयको बाजार में हुईं कई हत्याएं शामिल हैं. वहीं, एतवा पुर्ती माओवादी संगठन से जुड़ा रहा है और उस पर भी हत्या और अपहरण के कई मामले दर्ज हैं. 

डीएसपी वरुण रजक ने बताया कि भोंज मुंडा की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी. आरोपी सुकरा मुंडा ने हत्या के बदले अपराधियों को 40 हजार रुपये दिए थे. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियारों के साथ बाइक भी बरामद कर ली है और मामले की आगे की जांच जारी है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *