नई दिल्ली: देश और दुनिया में कोविड के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1072 से ज्यादा हो गई है। मंगलवार यह संख्या 1000 के करीब थी। देश में सबसे ज्यादा कोरोना के एक्टिव केस केरल में हैं, जिनकी संख्या करीब 430 है। देशभर में कोरोना से अब तक करीब 11 मौतें हो चुकी हैं। मंगलवार को अमेरिकी स्वास्थ्य सचिव रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर ने एक घोषणा की, जिसमें स्वस्थ बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए कोविड-19 वैक्सीन की सिफारिश की जानकारी दी गई।
देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 1072 हो गई है। केरल में सबसे ज़्यादा 430 एक्टिव केस हैं। वहीं महाराष्ट्र में 208, दिल्ली में 104 और गुजरात में 83 मामले सामने आ चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्नाटक में अब तक 80 मामले हैं, जिनमें से बेंगलुरु में कुल 73 मामले दर्ज किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10 नए मामले सामने आए है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा में भी कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिला सर्विलांस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को कोविड के 10 मामले थे, जो मंगलवार को पोर्टल खुलते ही बढ़कर 15 हो गए।
राजस्थान में 9 केस सामने आए
राजस्थान के निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा के मुताबिक राज्य में मंगलवार को कोरोना के 9 मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि एम्स जोधपुर में 2, सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर में 2 और बी लाल लैब जयपुर में 4 तथा एनाविक डायग्नोस्टिक सेंटर जयपुर में 1 मामला सामने आया है। इस साल अब तक 32 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से अजमेर में 2, बीकानेर में 1, डीडवाना में 3, जयपुर में 13, जोधपुर में 6, फलौदी में 1, सवाई माधोपुर में 1, उदयपुर में 4 तथा एक अन्य मामला है।
कोरोना से अब तक कितनी कितनी मौतें?
कोरोना से अब तक महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में कुल 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें से 9 लोगों की मौत एक हफ्ते के अंदर हुई है। महाराष्ट्र में कोरोना से सबसे ज्यादा 5 मौतें दर्ज की गई हैं। सोमवार को ठाणे में एक महिला की मौत हो गई। कल तक राजस्थान में 9 नए मामले सामने आए हैं।
बूस्टर डोज लेने की सलाह
कोविड के बढ़ते मामलों के बीच अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने अपने नागरिकों से एक अनुरोध किया है। उन्होंने 6 महीने और उससे अधिक उम्र के सभी अमेरिकियों से सालाना कोविड-19 बूस्टर डोज लेने का आग्रह किया है। संक्रामक रोग विशेषज्ञों की सिफारिशों के बाद यह अनुरोध किया गया है।