मौसम अपडेट: बारिश और गर्मी दोनों का अलर्ट, जानिए अपने राज्य में क्या है मौसम का हाल

मॉनसून के जल्द भारत में आने की वजह से कई राज्यों में मौसम सुहावना हो गया है। उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक बारिश हो रही है। आज (गुरुवार) यूपी-बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बरसात होने वाली है। हालांकि, मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर पश्चिम भारत के इलाके में अगले पांच दिनों में गर्मी बढ़ने वाली है। इस दौरान तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।

मौसम विभाग के अनुसार, आज पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना है और इसके बाद इसमें कमी आएगी। वहीं, मध्य भारत में दो से चार डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ जाएगा। पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो अगले सात दिनों तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने वाली है। अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मिजोरम में पांच जून को अलग अलग भारी बारिश, असम, मेघालय में पांच, छह और 9-11 जून के दौरान व मेघालय में पांच को अलग-अलग जगहों पर भारी बरसात होगी।

पूर्वी और मध्य भारत की बात करें तो अगले सात दिनों तक उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश में पांच से सात जून, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में पांच से नौ जून, बिहार, गंगा के मैदानी इलाकों, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड में पांच जून को गरज चमक के साथ बारिश होगी। बिहार में आज अलग-अलग जगहों पर तेज बारिश होगी।

यूपी-राजस्थान समेत इन राज्यों में होगी बारिश

उत्तर पश्चिम भारत की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में पांच जून को बारिश होने वाली है। तापमान की बात करें तो अगले पांच दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने वाली है। हालांकि, उसके बाद इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। मध्य भारत में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *