बिहार के नगर निकायों के उपचुनाव की तारीखों का ऐलान, जानें

पटना. बिहार के नगर निकायों के उपचुनाव के लिए 28 जून को मतदान होगा। शनिवार को राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार संबंधित जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी को इसके लिए आदेश जारी कर दिया गया। साथ ही, छह नगर निकायों पूर्वी चंपारण के नगर पंचायत, मेहसी और पकड़ीदयाल, रोहतास के नगर पंचायत, कोचस, पटना के नगर पंचायत खुशरूपुर और नौबतपुर तथा नगर पंचायत विक्रम में आम चुनाव होगा।

इसके तहत तीन सीटों वार्ड पार्षद, उप मुख्य पार्षद और मुख्य पार्षद का चुनाव होगा। इसके लिए भी 28 जून को मतदान होगा और 30 जून को वोटों की गिनती होगी। मालूम हो कि उपचुनाव के तहत मुख्य पार्षद के 3, उपमुख्य पार्षद के 3 और वार्ड पार्षद की 45 सीटों के लिए मतदान होगा।

उपचुनाव वाले नगर निकायों में नगर परिषद बांका, नगर पंचायत मैरवा (सीवान) और नगर पंचायत खिजरसराय (गया) के मुख्य पार्षद का पद शामिल हैं। इसके अलावा नगर परिषद बोधगया के उप मुख्य पार्षद के रिक्त पद पर भी उप चुनाव होगा। अन्य नगरपालिका क्षेत्र में वार्ड सदस्यों के रिक्त पदों पर उप चुनाव कराया जाएगा। नगर निकायों में आम चुनाव एवं उपचुनाव को लेकर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो चुका है। जिसके बाद उपचुनाव का कार्यक्रम जारी किया गया है।

आपको बता दें बिहार में 19 नगर निगम हैं। जिसमें पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बिहारशरीफ, छपरा, दरभंगा, गया, आरा, बेगूसराय, कटिहार, मुंगेर, पूर्णिया, सासाराम, बेतिया, समस्तीपुर, मोतिहारी, सीतामढ़ी, मधुबनी और सहरसा शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *