प्रतापगढ़ में कुंडा के भक्ति धाम मनगढ़ के संस्थापक और मथुरा के प्रेम मंदिर वाले जगदगुरु कृपालु महाराज की तीनों बेटियों के साथ बड़ा हादसा हुआ है। दिल्ली जाते समय यमुना एक्सप्रेसवे पर उनकी कार पर कैंटर ओवरटेक करते समय पलट गया। इससे कार में सवार जगदगुरु की सबसे बड़ी बेटी विशाखा त्रिपाठी की मौत हो गई। दोनों अन्य बेटियां कृष्णा और श्यामा घायल हैं। इसके चार अन्य लोग भी घायल हैं। सभी को दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल ले जाया गया है। हादसे की जानकारी कुंडा के मनगढ़ आश्रम पहुंचने पर शोक की लहर दौड़ गई। मनगढ़ में तीन दिन का शोक घोषित कर दिया गया है। विशाखा का पार्थिव शरीर आज शाम 4 बजे वृंदावन के प्रेममंदिर लाया जाएगा। इसके बाद अनुयायियों के दर्शनार्थ रखा जाएगा। सोमवार को यमुना तट पर अंतिम संस्कार होगा। कृपालु महाराज का निधन भी हादसे के बाद हुआ था।
वहीं, संभल की ऐतिहासिक शाही जामा मस्जिद के हरिहर मंदिर होने के दावे को लेकर रविवार की सुबह साढ़े सात बजे से करीब दो घंटे तक दोबारा सर्वे कराया गया। इस सर्वे को लेकर मस्जिद के पीछे बवाल हो गया। बड़ी संख्या में जुटे मुस्लिम समाज के लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें एसपी के पीआरओ घायल हो गए हैं। भीड़ ने कई गाड़ियों को आग के हवाल कर दिया। पुलिस पर फायरिंग भी की। इस दौरान एक अज्ञात शख्स मारा गया। पुलिस ने अब स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है। इस दौरान आंसू गैस के गोले भी दागे गए। आसपास के लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर रखी हैं।