हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा की रैली का एक वीडियो शेयर कर महिला नेता के साथ दुर्व्यवहार का दावा किया जा रहा है. इस वीडियो पर खुद राज्य कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष कुमारी शैलजा और सीएम नायब सिंह सैनी ने भी प्रतिक्रिया दी. राज्य कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष शैलजा ने महिला नेता से बातचीत के आधार पर बताया कि उनके साथ मिस-बिहेव हुआ है.
हरियाणा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, “मैंने उससे बात की. उसने मुझे बताया कि स्टेज पर कुछ लोग उसे गलत तरीके से टच कर रहे थे. हमने उस वीडियो में भी देखा है और मैंने इस बात की उसके साथ पुष्टि भी की है. उसने बताया कि किसी ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया. महिला के साथ इस तरह की घटना निंदनीय है और कार्रवाई की जानी चाहिए.”
बीजेपी के आधिकारिक एक्स हैंडल पर कुमारी शैलजा का वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें लिखा है, “सरेआम दीपेंद्र हुड्डा के मंच पर महिला के साथ छेड़छाड़ हुई, दीपेंद्र हुड्डा ने कुछ नहीं बोला. अब शैलजा जी ने भी इसकी पुष्टी कर दी है कि महिला के साथ बदसलूकी हुई. उसे गलत तरीके से टच किया गया. शैलजा जी का कहना है कि ऐसे लोगों का सिर्फ बहिष्कार होना चाहिए.”
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी शेयर किए जा रहे दावे पर प्रतिक्रिया दी और कहा, “वे महिलाओं, गरीबों और दलितों सहित किसी का सम्मान नहीं करते. यह उनकी संस्कृति और डीएनए में है. अगर हमें इस संबंध में कोई आवेदन मिलता है तो हम कार्रवाई करेंगे. हमारी सरकार सख्त कार्रवाई करेगी और किसी को नहीं बख्शेगी. महिलाएं समाज का अभिन्न अंग हैं…”
सीएम ने दीपेंद्र हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाते हुए आगे कहा, “…5000 करोड़ रुपये के ड्रग्स मामले में, (कथित सरगना) के पास दीपेंद्र हुड्डा के साथ एक फोटो है…क्या वे युवाओं में ड्रग्स फैला रहे हैं? राहुल (कांग्रेस सांसद राहुल गांधी) हरियाणा आए थे, उन्हें इस बारे में बोलना चाहिए…”
हरियाणा बीजेपी के एक्स हैंडल पर दीपेंद्र सिंह हुड्डा की रैली के उस वीडियो को शेयर किया गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि दीपेंद्र हुड्डा मंच पर खड़े हैं और उनके बगल में महिला नेता सोनिया दुहान खड़ी हैं, जिन्होंने हाल ही में कांग्रेस पार्टी जॉइन की. वह मंच पर सबसे आगे खड़ी हैं और भीड़ में एक शख्स पीछे से हाथ आगे बढ़ाता नजर आता है. इसको लेकर दावा है कि शख्स ने महिला नेता के साथ बदसलूकी करने की कोशिश की और उन्हें गलत तरीके से टच किया. हालांकि, आजतक किसी दावे की पुष्टि नहीं करता.