छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता: बीजापुर में मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर, इस साल अब तक 227 मारे गए

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों और पुलिस में जमकर मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक नक्सली को सुरक्षाबल के जवानों ने ढेर कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के पश्चिमी डिवीजन क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया।

इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बीजापुर जिले के पश्चिमी डिवीजन क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों के संयुक्त दलों को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान आज सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर लगातार मुठभेड़ जारी है। उन्होंने बताया कि अब तक मुठभेड़ स्थल से एक माओवादी का शव और हथियार बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि अभियान अभी भी जारी है, इसलिए अभियान में शामिल जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि अभियान पूर्ण होने के बाद इस संबंध में अधिक जानकारी दी जाएगी।

इस कार्रवाई के साथ, इस वर्ष अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में 227 नक्सली मारे गए हैं। इनमें से 209 बस्तर संभाग में मारे गए, जिसमें बीजापुर, बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *