पूरे देश में शोक की लहर है. बॉलीवुड सेलेब्स भी उनके निधन पर शोक जता रहे हैं. रतन टाटा एक बहुत बड़े बिजनेसमैन थे, और साथ ही लोगों की मदद करने में बहुत विश्वास रखते थे. उन्होंने बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान की जिंदगी को भी प्रेरित किया था. 2013 में शाहरुख ने टाटा ग्रूप पर अपनी राय दी थी. उन्होंने बताया था कि कैसे रतन टाटा ने उन्हें इंस्पायर किया था.
फोर्ब्स इंडिया को दिए इंटरव्यू में शाहरुख खान ने कहा था- जब भी मुझे मौका मिलता है, मैं जाता हूं और टाटा सन्स के आर.के. कृष्णकुमार के साथ टाइम स्पेंड करता हूं. मुझे बहुत अच्छा लगता है वो जैसे बात करते हैं, वो कैसे सोचते हैं, जरा देखिए उन्होंने क्या बनाया है. मैं जाता हूं और श्री के.वी. कामत के साथ बैठता हूं और ICICI के बारे में बात करता हूं. मैं उनमें एक बहुत अच्छा, सिम्पल और नॉर्मल इंसान देखता हूं. लेकिन उनके विजन बहुत जबरदस्त हैं. उनका बिजनेस अप्रोच बहुत ही सराहनीय है. वो हर चीज सोच लेते हैं. मैं बहुत इंस्पायर होता हूं.
शाहरुख ने आगे कहा- वो (अंबानी, बिड़ला, टाटा) जानते हैं कि मेरा ऐसे बिजनेस में इंटरेस्ट है, जो सिर्फ प्रॉफिट्स से परे है. जब मैं उनसे मिला, तो वो भी जीवन के उस पड़ाव पर थे जब वो इस तरह के बिजनेस के बारे में सोच रहे थे. मेरे पिता एक व्यवसायी थे, मेरी मां एक बिजनेस वुमन थीं, और वो अपने बिजनेस में घाटे में चल रहे थे. लेकिन मुझे याद है कि उन्होंने किस उत्साह के साथ ये काम किया. इसकी वजह कोई बड़ा घर खरीदना नहीं था. और मुझे एहसास हुआ कि अगर पैसे कमाने का सार सही है, तो व्यवसाय बढ़िया है.
शाहरुख ने साथ ही रतन टाटा की ‘नैनो कार’ का भी जिक्र किया था. एक्टर बोले- आपके अंदर पैशन होना चाहिए. आपको वॉल्ट डिज्नी जैसा बिजनेसमैन होना चाहिए. अजीम प्रेमजी वैसे ही हैं. रतन टाटा भी उन्हीं की तरह हैं. ये लोग बहुत ही जबरदस्त लोग हैं. मैं बहुत छोटा हूं इनके सामने कोई भी कमेंट करने के लिए. लेकिन मुझे पता है कि वो क्यों बिजनेस कर रहे हैं. मुझे पता है कि नैनो को बहुत अच्छे विचार के साथ लाया गया था. ये काम करेगी या नहीं, मुझे नहीं पता. लेकिन जिस कारण से इसे बनाया गया, वो बहुत स्पष्ट था. आप जिस वजह से व्यापार कर रहे हैं, वो व्यापार नहीं है, बल्कि जुनून है और ये पर्सनल है.
शाहरुख खान ने बताया कि वो इन सभी सीख को अपने कामों में कैसे शामिल करते हैं. उन्होंने कहा- मैंने जो भी बिजनेस शुरू किया, वो इसलिए शुरू किया है क्योंकि मैं उन चीजों को आगे बढ़ाना चाहता था जो मुझे इस समय नहीं मिल पा रहा है. मैंने बहुत बड़े जोखिम उठाए हैं और उनमें सफल भी रहा हूं. जैसे कि बाजीगर रिलीज होने के बाद सभी ने मुझसे कहा था कि मेरा करियर खत्म हो गया है. मेरे सबसे अच्छे शुभचिंतकों ने मुझसे कहा था कि मेरा करियर खत्म हो गया है, एक महिला को मारने के बाद तुम फिर से हीरो नहीं बन सकते. लेकिन इसका फायदा हुआ. लंबे समय में, अगर आप उस पर टिके रहते हैं तो सब कुछ टिकाऊ होता है.