बहुत जल्द लोगों को यूपी में प्लास्टिक मिश्रित सड़कें नजर आएंगी। ये डामर की सड़क से अधिक मजबूत और टिकाऊ होंगी। सीसी रोड की तरह इनके बारिश में भी खराब होने की आशंका नहीं रहेगी। ये पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी उपयोगी होंगी। आपको बताते चलें कि सड़क निर्माण में कचरे में निकलने वाले प्लास्टिक का उपयोग करने से सड़क मजबूत होगी। प्लास्टिक कचरे से बनी सड़क पानी भी कम सोखेगी। अगर हम बात करें सहारनपुर की तो यहां अभी डामर और सीमेंट-कंक्रीट की सड़कों का प्रचलन ज्यादा है। सीमेंट-कंक्रीट तड़क जाता है जबकि डामर ज्यादा गर्मी होने पर पिघलने लगता है और बारिश में उखड़ जाता है। इस समस्या से निजात के लिए जिले में अब प्लास्टिक कोडेट सड़कें बनाने की योजना तैयार की गई है।
36 गांवों से कूड़ा उठान, प्लास्टिक अलग कर सड़कों में होगा इस्तेमाल
शहर की भांति अब ग्रामीण इलाकों में भी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन किया जा रहा है। इसके लिए पंचायत राज विभाग की टीम काम कर रही है। डीपीआरओ आलोक शर्मा ने बताया कि चंद रुपये में टीम घर-घर कूड़े का उठान कर रही है, जिसकी रसीद भी हर माह पंचायत ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही है। पंचायत राज विभाग के स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के तहत यह कार्य किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मचारी हर दिन ई-रिक्शा से हर घर पर सुबह के समय दस्तक देकर यह कूड़ा उठा रहे है। इसके लिए बाकयदा उन्हें रिकार्ड भी दिया है। इस कूड़े से भी प्लास्टिक को अलग कर सड़कों में इस्तेमाल किया जाएगा।
सहारनपुर समेत सूबे के 36 जिलों को आदेश जारी किया
सरकार के ग्रामीण मंत्रालय ने सहारनपुर समेत सूबे के 36 जिलों को आदेश जारी किया। कहा कि ग्रामीण इलाकों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नवीनीकरण कार्य तहत 1545.732 किमी लंबी 234 सड़कों के निर्माण में प्लास्टिक वेस्ट का उपयोग किया जाना है। पंचायत राज विभाग द्वारा हर जिले में दो से तीन की संख्या में लगभग 16-16 लाख रुपये से बनवाई गईं प्लास्टिक अवशिष्ट प्रबंधन केंद्र एकत्रित प्लास्टिक वेस्ट को पीएमजेएसवाई विभाग को उपलब्ध कराया जाएगा। सहारनपुर में 24 किमी की सड़कों का निर्माण कराया जाना है। मानक के अनुसार एक किमी सड़क निर्माण पर लगभग एक टन प्लास्टिक का उपयोग होना है। इस तरत प्रस्तावित मार्गों पर 1550 टन प्लास्टिक की खपत होगी। इसमें 30 एमएम बिटुमिनस कंक्रीट का उपयोग होगा।
पर्यावरण को नुकसान नहीं, लागत में राहत
प्लास्टिक वेस्ट से पर्यावरण को होने वाले नुकसान से बचा जा सकेगा। साथ ही प्लास्टिक वेस्ट के उपयोग से 10 प्रतिशत डामर खर्च बचने से सड़क निर्माण की लागत भी कम होगी। गिट्टी के गुणों में इजाफा, विकृति के प्रति उच्च प्रतिरोध क्षमता, पानी के कारण खराब होने वाली सड़कों को रोकने में सक्षम, पर्यावरण को नुकसान से बचाव, डामर की खपत कम होगी। सहारनपुर में 24 किमी प्लास्टिक मिश्रित सड़क निर्माण का लक्ष्य मिला है।
इन जिलों में बनेंगी सड़कें
आगरा में 55 किमी, अंबेडकरनगर 61, औरैया 29, आजमगढ़ 11, बागपत 32, बलिया 55, बिजनौर 5, एटा 7, इटावा 59, फिरोजाबाद 55, फतेहपुर 56, गाजियाबाद 35, हमीरपुर 5, हापुड़ 65, जालौन 30, जौनपुर 23, झांसी 16, कानपुर देहात 12, कानपुर नगर 31, कासगंज 108, कौशांबी 40, मैनपुरी 24, मथुरा 28, मऊ 39, मेरठ 28, मुरादाबाद 57, मुजफ्फनगर 61, प्रतापगढ़ 76, रामपुर 40, संतकबीरनगर 17, संत रविदास नगर 18, सहारनपुर 24 किमी, सोनभद्र 155 और उन्नाव में 60 किमी लंबी बनाई जाएगी सड़क।
इस तरह से होगा उपयोग
प्लास्टिक कचरा के इस्तेमाल के पहले इसे 2.36 मिमी से कम लंबाई में मशीन से काटा जाता है। टुकड़ों को गिट्टी की बिटुमिन प्लांट में 140 से 165 डिग्री सेल्सियस तापमान में गरम किया जाता है। जिसमें गिट्टी को मिलाया जाता है।
15 फीसदी कम आएगी लागत
डामर की तुलना में प्लास्टिक कोटेड सड़क 15 फीसदी सस्ती होगी। एक किमी डामर सड़क बनाने पर अर्थ वर्क, डब्ल्यूबीएम डामर का खर्च तकरीबन 50 लाख रुपए आता है। वहीं एक किमी प्लास्टिक कोटेड सड़क बनाने में तकरीबन 43.50 लाख रुपए की लागत आएगी। यानी प्रति किमी पर 7.50 लाख रुपए तक की बचत होगी।
जल्द सड़क कार्य शुरू किया जाएगा
सहारनपुर के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि शासन ने प्लास्टिक के उपयोग से सड़क निर्माण कराने का आदेश जारी किया है। सहारनपुर में 24 किमी की सड़क बननी है। सड़क का निर्माण पीएमजेएसवाई विभाग की ओर से कराया जाएगा। जल्द यह कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
ऐसे तैयार होता है प्लास्टिक वेस्ट
प्लास्टिक वेस्ट के लगभग 2.36 से 4.75 एमएम के टुकड़े करते हैं।
वेस्ट के टुकड़ों को 165 से 170 डिग्री सें.ग्रे. तापमान पर मिक्सिंग चैंबर में मिक्स करते हैं।
बिटुमेन को 160 डिग्री सें.ग्रे. पर गर्म करते हैं।
गर्म बिटुमेन वेस्ट के टुकड़ों को 30 से 60 सेकंड तक मिक्स करते हैं।
सड़क बनाने में करीब 85 फीसदी बिटुमेन 15 फीसदी प्लास्टिक वेस्ट मिलाया जाता है।
यह मिक्स्चर गरम-गरम (करीब 110 से 120 डिग्री सें.ग्रे. तक) डालकर रोलर से समतल करते हैं।
एक किमी सड़क बनाने में करीब आधा टन प्लास्टिक वेस्ट उपयोग होता।