राजनांदगांव में मधुसूदन यादव पुन: महापौर बने

राजनांदगांव  . दस साल पहले महापौर रहे मधुसूदन यादव ने फिर से महापौर का चुनाव जीत लिया है। ऐतिहासिक जीत के साथ भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन यादव ने कांग्रेस उम्मीदवार निखिल द्विवेदी को 43,500 के बड़े अंतरों से मात दी है।

वहीं वार्डों में भी कांग्रेस भाजपा की आंधी के सामने टिक नहीं पाई। मात्र 3 से 4 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इधर जिले के निकायों में भी भाजपा ने सफलता हासिल की है।

डोंगरगढ़ नगर पालिका में भाजपा उम्मीदवार रमन डोंगरे ने कांग्रेस की नलिनी मेश्राम को पराजित किया है। छुरिया, डोंगरगांव नगर पंचायत में भी भाजपा के सामने कांग्रेस प्रत्याशी अपनी हार नहीं बचा पाए।

राजनांदगांव नगर निगम के 51 वार्डों में से 40 वार्डों में भाजपा ने कब्जा कर लिया है। कांग्रेस दहाई के अंक तक नहीं पहुंच सकी।चुनावी परिणाम में 25 साल से पार्षद रहे कुलबीर छाबड़ा को अप्रत्याशित तरीके से हार झेलनी पड़ी।

 उन्हें भारतीय इंजीनियरिंग सर्विस से त्यागपत्र देकर चुनावी मैदान में उतरे शेंकी बग्गा ने लगभग 500 मतों से पराजित किया। वार्ड नं. 17 से कांग्रेस के संतोष पिल्ले 250 वोटों से जीत हासिल की।

 पूर्व नेता प्रतिपक्ष हफीज खान भी वार्ड नं. 13 से पार्षद चुनाव जीत गए। भाजपा के प्रमुख चेहरों में गिने जाने वाले आलोक श्रोती, शिव वर्मा, मणिभास्कर गुप्ता, जैनम बैद भी पार्षद निर्वाचित हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *