बड़ी बेसब्री से जिस घड़ी का इंतजार था वह आ गई है. राजधानी दिल्ली में एक बार फिर भारतीय साहित्य (अदब), कला और मनोरंजन की त्रिवेणी का संगम हो रहा है और साहित्य के सितारों के इस महाकुंभ का नाम है ‘साहित्य आज तक’. रंगा-रंगा कार्यक्रम, महफिल और चौपालों के सजने का दौर जारी है. यहां कलाकारों और कला के कद्रदानों का जमघट है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित हो रहा यह महाकुंभ मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आज से शुरू हो गया है और 24 नवंबर तक होने वाला है. यानी शुक्रवार से इसकी शुरुआत हो गई है. यह मेला 6 साल से साहित्य और अदब से मोहब्बत करने वालों का हॉटस्पॉट बना हुआ है.
इस साल के महाकुंभ में कई शानदार सेशन होने जा रहे हैं. यहां हम आपको बताएंगे कि ‘साहित्य आज तक’ में कैसे जाएं और कैसे इसके खास कार्यक्रमों का हिस्सा बनें. सबसे पहले जानिए कि 22, 23 और 24 नवंबर को कौन-कौन से खास कार्यक्रम होने वाले हैं.
22 नवंबर- पहला दिन- अध्यात्म का रस, इश्क का नमक और शायराना कलाम
फिल्मफेयर और राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित गायिका रेखा भारद्वाज ‘साहित्य आज तक 2024’ में अपनी सुरीली के साथ शिरकत करने वाली हैं. रेखा भारद्वाज का म्यूजिकल शो सेशन विशाल भारद्वाज के साथ कार्यक्रम के पहले दिन यानी शुक्रवार, 22 नवंबर को ‘स्टेज-1 हल्ला बोल चौपाल’ पर होगा. वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के यश भारती पुरस्कार से सम्मानित शायर और कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी अपने शायराना कलाम से दर्शकों का दिल जीतेंगे. इमरान का सेशन भी कार्यक्रम पहले दिन यानी शुक्रवार, 22 नवंबर को ‘स्टेज-1 हल्ला बोल चौपाल’ पर होगा.