महाराष्ट्र-झारखंड एग्जिट पोल्स का समय आ रहा करीब, 2019 में कितने रहे सटीक?

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। दोनों राज्यों के लिए चुनाव परिणाम 23 नवंबर को आएंगे। आज वोटिंग के बाद तमाम एग्जिट पोल आ जाएंगे। इसमें महाराष्ट्र और झारखंड के चुनाव परिणामों का अनुमान लगाया जाएगा। इससे पहले आइए जानते हैं कि 2019 के विधानसभा चुनाव में एग्जिट पोल्स ने क्या अनुमान लगाया था। इसके बाद चुनाव परिणाम में क्या सामने आया था। हालांकि यह जरूरी नहीं कि एग्जिट पोल में जैसा बताया जाए, वही चुनाव परिणाम में भी तब्दील हो। इसका सबसे ताजा उदाहरण हरियाणा है, जहां एग्जिट पोल में कांग्रेस की सरकार बनती दिखाई दे रही थी, लेकिन असल नतीजों में भाजपा ने बाजी मार ली।

झारखंड का क्या रहा हाल
अगर 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल्स की बात करें तो इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया ने जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन के जीतने की बात कही थी। इसके मुताबिक यूपी को 43 और भाजपा को 27 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। वहीं, एबीपी वोटर ने त्रिशंकु विधानसभा की आशंका जताई थी। इसने यूपीए को 35 और भाजपा को 32 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। वहीं, टाइम्स नाऊ ने यूपीए के लिए 44 और भाजपा के लिए 28 सीटें मिलने का अनुमान जाहिर किया था।

क्या रहे थे नतीजे
साल 2019 में झारखंड में विधानसभा चुनाव 30 नवंबर से 20 दिसंबर के मध्य संपन्न हुए थे। तब कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा वाले यूपीए ने चुनाव जीता था। जेएमएम को 30, भाजपा को 25 और कांग्रेस को 16 सीटों पर जीत मिली थी।

महाराष्ट्र का अनुमान कितना सही
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर भी विभिन्न समाचार चैनलों और एजेंसियों ने एग्जिट पोल के अनुमान जाहिर किए थे। न्यूज19-आईपीओएस ने एनडीए को 243 और यूपीए को 41 सीटें दी थीं। रिपब्लिक-जन की बात में एनएडीए के लिए 216 से 230 सीटें और एनडीए के लिए 52 से 59 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। टाइम्स नाऊ ने एनडीए के लिए 230 तो यूपीए के लिए 48 सीटें मिलने की बात कही थी। वहीं एबीपी न्यूज-सी वोटर ने एनडीए के लिए 204 और यूपीए के लिए 69 सीटें मिलने का अनुमान जाहिर किया था। इंडिया टुडे-एक्सिस ने एनडीए के लिए 166 से 194 और यूपीए के लिए 72 से 90 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था।

क्या रहे थे नतीजे
साल 2019 के महाराष्ट्र चुनावी नतीजों में भाजपा ने 105, अविभाजित शिवसेना ने 56 और अविभाजित एनसीपी ने 54 सीटें जीती थीं। कांग्रेस ने 44 सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि चुनाव के बाद यहां पर अलग-अलग गठबंधन हुए। पार्टियां भी टूटीं और नए समीकरण में पुराने दुश्मन सहयोगी की भूमिका में आ गए।

चुनाव आयोग क्या कहता है
हरियाणा में एग्जिट पोल से अलग नतीजे आने के बाद कुछ दलों ने काउंटिंग प्रॉसेस पर सवाल उठाए थे। इसको लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि एग्जिट पोल को लेकर समाचार चैनलों को आत्मनिरीक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा था कि साढ़े आठ बजे तो वोटों की गिनती ही शुरू होती है। लेकिन समाचार चैनल आठ बजकर पांच मिनट से, आठ बजकर 10 मिनट से ही ट्रेंड्स दिखाना शुरू कर देते हैं। यह बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहाकि पहले राउंड का नतीजा 9.05 या 9.10 से पहले आ ही नहीं सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *