दिल्ली में बड़ा हादसा, DTC बस में रखे बैग में लगी आग, 2 यात्री झुलसे

आजादपुर से धौला कुआं जा रही डीटीसी की इलेक्ट्रिक बस में रविवार शाम आग लग गई। आग की चपेट में आकर दो यात्री से झुलस गए। आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में घायल दो लोगों को अस्पताल भेजा गया। जहां से उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। मामले की सूचना मिलने के बाद दिल्ली कैंट थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दमकल के अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम करीब 5.25 बजे एक बस में आग लगने की सूचना मिली थी। जिसके बाद कीर्ति नगर दमकल केन्द्र से दमकल अधिकारी सुरेन्द्र की टीम को दो गाड़ियों के साथ मौके पर भेजा गया। दमकल की टीम ने करीब आधा घंटे में आग पर काबू पा लिया। दमकल अधिकारी सुरेन्द्र ने बताया कि रूट नम्बर 442 की बस जो आजादपुर से धौलाकुआं के बीच चलती है। रविवार शाम इस रूट की बस धौला कुआं की तरफ आ रही थी।

इसी दौरान दिल्ली कैंट इलाके में बस में कंडक्टर सीट के पीछे रखे एक बैग में ज्वलनशील पदार्थ होने के चलते आग लग गई। बस की सीट में आग पकड़ लिया और बस में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। बस चालक ने तुंरत बस को साइड में रोका और उसमें बैठे यात्रियों को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग की चपेट में आकर दो यात्री घायल हो गए।

बस चालक और कंडक्टर ने सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार कर बस खाली कराई और पुलिस व दमकल को मामले की सूचना दी। दोनों घायकों को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को छुट्टी दे दी गई। दिल्ली कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस टीम ने प्राथमिक जांच के बाद बस चालक और कंडक्टर के बयान दर्ज कर लिए हैं। बस में बैग किस यात्री का था, इसकी जांच की जा रही है।

वहीं न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और सबूत जमा किए। पूछताछ करने पर कंडक्टर ने बताया कि बस में कुल 10 से 15 यात्री सवार थे। शाम करीब 5.15 बजे यह हादसा हुआ। बस जब रिंग रोड पर पहुंची तो पीछे से धुआं निकलने लगा। इसके बाद ड्राइवर तुरंत हरकत में आया और आग बुझाने वाले यंत्र से आग को बुझाया। इससे अफरातफरी फैल गई। दो 2 यात्री झुलस गए। बाकी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस का कहना है कि क्राइम टीम घटना की छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *