ध्यान भटका रहीं ममता बनर्जी, उन्हें दे देना चाहिए इस्तीफा; कोलकाता रेप-मर्डर केस पर भड़कीं निर्भया की मां

दिल्ली गैंगरेप केस की पीड़िता निर्भया की मां ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले पर बड़ा बयान दिया है। महिला ट्रेनी डॉक्टर से बलात्कार और हत्या की घटना को लेकर शनिवार को उन्होंने कड़ा आक्रोश व्यक्ति किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस्तीफा दे देना चाहिए। निर्भया की मां ने आरोप लगाया कि ममता अपने पद का दुरुपयोग कर घटना के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहीं हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक केंद्र और राज्य सरकारें हैवानियत करने वालों को अदालत से तत्काल सजा दिलाने को लेकर गंभीर नहीं होंगी, तब तक आए दिन देश के विभिन्न हिस्सों से इस तरह की बर्बर घटनाएं सामने आती रहेंगी।

निर्भया की मां ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी महिला डॉक्टर के बलात्कार के बाद हत्या की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में जब लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं और उनके साथ बर्बर घटना को अंजाम दिया जा सकता है, तो यह समझा जा सकता है कि देश में महिलाओं की सुरक्षा की क्या स्थिति है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ‘ममता बनर्जी राज्य सरकार की मुखिया हैं। उनके राज्य में मानवता को शर्मशार करने वाली घटना होती है, जिसमें पुलिस की लापरवाही सामने आती है, जिसके बाद अदालत मामले की सीबीआई जांच के आदेश देती है। ममता को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।’

निर्भया की मां ने कहा कि अराजक तत्वों की भीड़ का अस्पताल परिसर पर धावा बोलकर घटना से संबंधित साक्ष्यों को नष्ट करना और प्रदर्शनकारी डॉक्टरों पर हमला करना शर्मनाक है। बता दें कि ट्रेनी डॉक्टर का शव 9 अगस्त को आरजी कर अस्पताल के सेमिनार कक्ष में मिला था। पुलिस ने इस सिलसिले में अगले दिन एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। इस कॉलेज के पूर्व प्रिंसुपल डॉ. संदीप घोष मामले में पूछताछ के लिए शनिवार को लगातार दूसरे दिन सीबीआई के समक्ष पेश हुए। एजेंसी अस्पताल के पूर्व प्राचार्य को पूछताछ के लिए शुक्रवार को अपने साथ ले गई थी और उनसे देर रात एक बजकर 40 मिनट तक पूछताछ की गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि घोष को सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित सीबीआई कार्यालय के कमरे में रात साढ़े 9 बजे तक बैठाया गया, जिसके बाद उनसे पूछताछ शुरू हुई। घोष दूसरी बार पूछताछ के लिए शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे से कुछ पहले सीबीआई कार्यालय पहुंचे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *