‘गुड बाय गाइज, फिनिश माई सेल्फ, नो मोर ऑप्शन’; भाई को मैसेज कर होटल में फंदे से लटक गया मैनेजर

युवती ने शादी से इनकार कर दिया तो नोएडा की कंपनी के क्वालिटी मैनेजर ने फंदे पर लटककर जान दे दी। उसका शव सोमवार सुबह सेक्टर-62 स्थित होटल बसेरा के एक कमरे में मिला। खुदकुशी करने से पहले उसने अपने बड़े भाई को वॉट्सऐप पर मैसेज कर इसकी जानकारी दे दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गाजियाबाद के गोविंदपुरम स्थित बालाजी एंक्लेव निवासी 25 वर्षीय अतुल कुमार नोएडा स्थित रेडिकल माइन कंपनी में क्वालिटी मैनेजर के पद पर काम करता था। अतुल ने सोमवार सुबह 6 बजे होटल में कमरा किराये पर लिया था। मृतक अतुल के परिजन ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली निवासी एक युवती से प्रेम करता था। शुरुआत में दोनों के परिवार रिश्ते से खुश नहीं थे, लेकिन बाद में दोनों के परिजन शादी को तैयार हो गए थे। शादी की तैयारी शुरू हो गई थी। 15 दिन बाद सगाई होनी थी।

मौत से पहले बड़े भाई को किया मैसेज

आरोप है कि कुछ दिन पहले युवती ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसको लेकर अतुल परेशान रहने लगा था। कई दिन से अतुल घर भी नहीं जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह 7 बजे अतुल ने बड़े भाई के वॉट्सऐप पर मैसेज किया। मैसेज में लिखा , ‘गुड बाय गाइज, फिनिश माई सेल्फ, नो मोर ऑप्शन’। इसके बाद नोएडा स्थित होटल का पता लिखा था। साथ में एक दस्तावेज भी भेजा था। इसके बाद अतुल ने बेडशीट का फंदा बना लटककर जान दे दी।

देर से सोकर उठे अतुल के बड़े भाई ने सुबह 9 बजे वह मैसेज देखा। देखते ही अतुल को कॉल किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। अतुल के परिजन तुरंत होटल बसेरा पहुंचे। कमरे में जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलने पर अतुल का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *