कॉलेज का बोर्ड हटाकर भागे प्रबंधक और कर्मचारी -पीड़ित छात्रा ने सुशांत गोल्फ सिटी कोतवाली में केस दर्ज कराया
अर्जुनगंज में अमरावती पैरा मेडिकल कॉलेज का बोर्ड लगाकर छात्र छात्राओं ने एएनएम और जीएनएम नर्सिंग में दाखिले के नाम पर तीन-तीन लाख रुपये फीस वूसलने वाले दफ्तर बंदकर भाग निकले। एडमिशन लेने वाली प्रतापगढ़ की एक छात्रा ने सुशांत गोल्फ सिटी कोतवाली में कालेज प्रबंधक समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि फीस वसूलने के बाद भी कक्षाएं शुरू नहीं की। पता चला कि कालेज की मान्यता ही नहीं है। बैच पूरा करने का झांसा देकर टरकाते रहे फिर अचानक प्रबंधक समेत अन्य गायब हो गए। मकान से कॉलेज का बोर्ड भी हटा दिया है।
प्रतापगढ़ निवासी काजल यादव ने बताया कि अमरावती पैरा मेडिकल साइन्स कालेज का विज्ञापन देखकर सुलतानपुर रोड स्थित अमरावती पैरा मेडिकल कॉलेज के कार्यालय परिजनों के साथ आयी। यहां कई अन्य छात्राएं नर्सिंग पाठ्यक्रम में दाखिल ले रही थी। काजल ने भी तीन लाख देकर दाखिला लिया। रसीद भी दी। कक्षाएं संचालन के बारे में कार्यालय के कर्मचारी बैच पूरा होने पर कक्षाएं चलाने की बात कहते रहे। ये छात्र छात्राएं किराए के कमरे में लेकर रहने लगे, लेकिन कक्षाएं नहीं शुरू हुई। छात्र-छात्राएं कार्यालय में आकर लौट जाते हैं। 31 मार्च 2024 को कर्मचारी कार्यालय खाली कर भाग निकले। पीड़ितों ने अमरावती पैरा मेडिकल साइंस कालेज के प्रबन्धक आयुष तिवारी, दिलीप बाजपेयी व नौशाद अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। संस्थान प्रबंधक से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका नंबर बंद मिला।