इंफाल, मणिपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 20 हथियार स्वेच्छा से जमा किये गये।
मणिपुर पुलिस ने सोमवार को बताया कि इंफाल-पूर्वी जिले के नगारियान हिल की पहाड़ी से प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप)-केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को पकड़ा गया। उनके पास से दो 09 एमएम पिस्तौल और अन्य गोला-बारूद बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि कांगपोकपी जिले के हराओथेल में एक अवैध बंकर मिला, जिसे नष्ट कर दिया गया।
इंफाल पूर्वी, बिष्णुपुर, जिरीबाम और इंफाल पश्चिमी जिलों में लोगों ने कुल 20 विभिन्न प्रकार के हथियार, विभिन्न गोला-बारूद/युद्ध सामग्री और अन्य विविध वस्तुओं को स्वेच्छा से जमा किया गया।
मणिपुर के राज्यपाल ए.के. भल्ला ने सभी से छह मार्च को शाम चार बजे तक हथियार सौंपने को कहा था। पहली बार हथियार सौंपने के लिए 20 फरवरी से एक सप्ताह का समय दिया गया था, जिसे फिर से बढ़ा दिया गया था। इस अवधि के दौरान, स्वेच्छा से हथियार सौंपने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। समय सीमा के बाद अवैध या लूटे गये हथियार रखने वाले किसी भी व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राज्यपाल ने चेतावनी दी थी कि पुलिस और सुरक्षा बल उक्त समय सीमा के बाद व्यापक अभियान चलाएंगे। तीन मई, 2023 के बाद हथियार उठाने वाले सांस्कृतिक संगठन अरम्बाई टेंगोल ने पिछले गुरुवार को अपने सभी हथियार डाल दिये।