हरभजन सिंह के सरकारी बंगले में शिफ्ट हुए मनीष सिसोदिया, खाली किया आतिशी के नाम पर अलॉट आवास

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया है. सरकारी आवास खाली सिसोदिया अपने परिवार के साथ AAP सांसद हरभजन सिंह के बंगले 32, राजेंद्र प्रसाद रोड में शिफ्ट हो गये हैं. यह बंगला AAP सांसद और पूर्व क्रिकेटर सिंह के नाम पर आवंटित है. सिसोदिया अब तक AB-17 में रह रहे थे, जो कि सीएम आतिशी के नाम पर अलॉट है.

दरअसल, दिल्ली में शराब नीति घोटाले के आरोपों में घिरे मनीष सिसोदिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद शिक्षा मंत्रालय की कमान वर्तमान सीएम आतिशी को दी गई थी. आतिशी को शिक्षा मंत्रालय की कमान मिलने के बाद दिल्ली सरकार ने सिसोदिया का सरकारी बंगला भी उन्हें आवंटित कर दिया था,

हालांकि, तब आतिशी ने कहा था कि सिसोदिया की पत्नी बीमार हैं, इसलिए आतिशी चाहती हैं कि उनका परिवार पहले की तरह इसी घर में रहे. तब से सिसोदिया का परिवार पुराने पते पर ही रह रहा था. आतिशी तब से अपने निजी आवास में ही रह रही थीं. अब आतिशी के सीएम बनने के बाद उन्हें सीएम आवास अलॉट होगा, ऐसे में उनका नाम पुराने आवास से हट जायेगा. इसलिए मनीष सिसोदिया ने इस घर को खाली कर दिया है.

बता दें कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल कल (4 अक्टूबर) अपना सरकारी बंगला खाली करने जा रहे हैं. सरकारी आवास छोड़ने के बाद केजरीवाल और उनका परिवार 5, फिरोजशाह रोड पर शिफ्ट होने जा रहा है. AAP संयोजक पार्टी सांसद अशोक मित्तल के बंगले पर रहेंगे. 

बता दें कि AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 17 सितंबर को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. तब से लेकर अब तक उन्होंने सिविल लाइंस में 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास खाली नहीं किया था. हालांकि, उन्होंने सरकारी बंगला खाली करने का ऐलान पहले ही कर दिया था.

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा,’आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अरविंद केजरीवाल को अपने घर पर आमंत्रित किया था. इसके बाद ही केजरीवाल ने अपने निर्वाचन क्षेत्र (नई दिल्ली) जाने का फैसला किया. अब वे AAP सांसद अशोक मित्तल के घर पर रहेंगे, जब तक वे दिल्ली के CM के रूप में दोबारा नहीं चुने जाते, तब तक वे इसी पते पर रहेंगे.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *